प्रयागराज। विधानसभा चुनाव की तैयारियों से संबंधित कार्य के दौरान एक चौंकने वाली बात सामने आई है। पता चला है कि तीन हजार से ज्यादा ऐसे शस्त्र लाइसेंसधारक हैं, जो लापता हैं। मौजूदा समय में वह कहां और किस हाल में हैं, इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। सत्यापन के दौरान यह जानकारी सामने आने के बाद से अफसर भी हैरत में हैं।
विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पिछले कई दिनों से लाइसेंसी शस्त्र जमा कराए जाने का काम चल रहा है। इस संबंध में पूर्व में ही निर्देश जारी किए गए थे कि लाइसेंसी असलहों को थाने या शस्त्र की दुकान में जमा करा दिया जाए। जिन लोगों ने अपने शस्त्र अब तक नहीं जमा कराए, उन्हें नोटिस भी जारी किया गया। इसी के तहत पुलिसकर्मी लाइसेंसधारकों के घर पहुंचकर उनकी मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी भी जुटा रहे हैं। इसी दौरान चौंकाने वाली बात सामने आई। सूत्रों का कहना है कि अब तक तीन हजार से ज्यादा ऐसे लाइसेंसधारकों के नाम सामने आए हैं, जो फिलहाल लापता हैं। यह मौजूदा समय में कहां हैं और क्या कर रहे हैं, इस संबंध में कोई जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है।
लाइसेंसी शस्त्र जमा करने का काम भी पिछड़ा
उधर लाइसेंसी असलहा जमा कराए जाने का काम भी अभी पिछड़ा है। अब तक 20 हजार शस्त्र ही जमा कराए जा सके हैं जबकि कुल असलहाधारकों की संख्या 33 हजार के आसपास है। जानकारों का कहना है कि तीन हजार असलहे ऐसे मान लिए जाएं, जिनका उपयोग सुरक्षा के लिए किया जा रहा है, यानी स्क्रीनिंग कमेटी से इन्हें छूट मिल भी जाए तो करीब 10 हजार असलहे जमा कराए जाने हैं। जबकि मतदान में अब सिर्फ 19 दिन ही शेष हैं।
यह बात सही है कि ऐसे भी लाइसेंसधारक ों के नाम सामने आए हैं, जो मौजूदा समय में जिले में नहीं हैं। लेकिन इनमें बाहर के जनपदों, राज्यों में नौकरी करने वाले भी शामिल हैं। इन्हें नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा शस्त्र जमा कराए जाने का काम भी तेजी से चल रहा है।
- सतीश चंद्र, एसपी क्राइम