प्रयागराज। करेली में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में चेक क्लोनिंग के जरिए 1.96 लाख रुपये भुगतान कराने का मामला सामने आया है। इंदौर स्थित एक फर्म के नाम से चेक जारी कर रुपयों का भुगतान करा लिया गया। मामला तब खुला जब फर्म की ओर से मूल चेक प्रस्तुत कर मामले की शिकायत की गई। फिलहाल शाखा प्रबंधक की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
शाखा प्रबंधक विनीत कुमार तिवारी की ओर से तहरीर देकर बताया गया है कि पिछले साल पांच फरवरी को एमजी रोड इंदौर शाखा के खाताधारक दीप श्री ड्रेसेस के नाम से 1.96 लाख रुपये का एक चेक भुगतान के लिए बैंक में जमा किया गया। इस पर लाभार्थी के रूप में एडवर्ड शर्मा का नाम लिखा था। जिसका पता बहराम बाग, लिंक रोड, ओशीवारा जोगेश्वरी मुंबई बेस्ट अंकित था। इसी तरह बैंक का नाम बैंक ऑफ महाराष्ट्र, जोगेश्वरी वेस्ट लिखा गया था। दो लाख से कम राशि के चेक के लिए अदाकर्ता से पुष्टि जरूरी नहीं है, ऐसे में निर्धारित रकम एडवर्ड शर्मा के खाते में भेज दी गई। एक मार्च को दीप श्री ड्रेसेस की ओर से इंदौर, एमजी रोड शाखा में इस मामले की शिकायत की गई और मूल चेक भी उपलब्ध कराया जो उनकेपास ही था। जांच करने पर पता चला कि चेक पर किए गए दस्तखत फर्जी हैं।
मामले की जानकारी क्षेत्रीय कार्यालय को देकर जब बैंक ऑफ महाराष्ट्र की जोगेश्वरी वेस्ट शाखा में संपर्क कर खाता फ्रीज कराने को कहा गया। तो वहां से बताया गया कि उक्त खाते से रकम यूपीआई से निकाली जा चुकी है। मामले की रिपोर्ट भेजकर आरबीआई को सूचित किया गया। आरबीआई की ओर से अधिकृत किए जाने पर मैनेजर ने करेली थाने में तहरीर दी। पुलिस ने बताया कि धोखाधड़ी, जाली दस्तावेज लगाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
कोखराज पीएनबी में भी किया फर्जीवाड़ा
बैंक मैनेजर की तहरीर में यह भी बताया गया है कि उक्त नाम से पंजाब नेशनल बैंक कोखराज शाखा में भी ठीक इसी तरह 1.95 लाख का फर्जीवाड़ा किया जा चुका है। इस संबंध में कोखराज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। पीएनबी कोखराज की रिपोर्ट पर ही बैंक ऑफ महाराष्ट, जोगेश्वरी वेस्ट शाखा स्थित अकाउंट को पहले ही फ्रीज किया जा चुका है।