यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल 54 लाख 66 हजार 531 परीक्षार्थियों की किस्मत का फैसला आज शुक्रवार को होगा। यूपी बोर्ड मुख्यालय में दोनों परीक्षाओं का परिणाम दिन में 12.30 बजे घोषित होगा। बोर्ड के अफसर बृहस्पतिवार को पूरे दिन इसकी तैयारी में जुटे रहे। हालांकि इस बार के परिणाम पर प्रदेश में सरकार बदलने का असर कुछ हद तक दिखने के आसार हैं। माना जा रहा है कि पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में परीक्षार्थियों के उत्तीर्ण प्रतिशत में 10 से 15 फीसदी तक की कमी आ सकती है। वैसे पिछले पांच वर्ष का आंकलन करें तो हर वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में 80 प्रतिशत से अधिक परीक्षार्थी सफल रहे हैं।
इस बार इंटरमीडिएट और हाईस्कूल में कुल 60 लाख 61 हजार 34 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए। इसमें से पांच लाख 94 हजार 503 ने परीक्षा छोड़ दी। 16 मार्च से 21 अप्रैल तक चली में परीक्षा में कुल 54 लाख 66 हजार 531 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इसके बाद 27 अप्रैल से कॉपियों का मूल्यांकन शुरू हुआ जो 21 मई को पूरा हुआ। इस बार परीक्षा शुरू होने के ठीक पहले प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी। मुख्यमंत्री और माध्यमिक शिक्षा मंत्री दिनेश शर्मा के फरमान के बाद नकल पर सख्ती हुई। इसी का नतीजा रहा कि काफी विद्यार्थियों ने हाईस्कूल, इंटर की परीक्षा छोड़ दी। नकल के कारण बड़ी संख्या में विद्यालय डिबार किए गए।
इसके अलावा इस बार 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक वाली कॉपियों के दोबारा मूल्यांकन के फरमान से कॉपी जांचने वाले शिक्षक भी बेहद सतर्क रहे और उन्होंने काफी सोच-विचार के बाद ही कॉपियों में नंबर दिए। यही कारण है कि अफसर भी इस बार उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों का प्रतिशत कम होने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि इस बारे में कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
यहां देखें रिजल्ट - https://goo.gl/jN7nvE
इंटर में पंजीकृत एवं परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों की संख्या
0 26 लाख 56 हजार 319 छात्र-छात्राएं पंजीकृत
0 24 लाख 75 हजार 621 संस्थागत एवं एक लाख 80 हजार 698 व्यक्तिगत विद्यार्थी
0 दो लाख चार हजार 845 विद्यार्थियों ने छोड़ दी परीक्षा
0 24 लाख 51 हजार 474 विद्यार्थी परीक्षाओं में हुए शामिल
हाईस्कूल में पंजीकृत एवं परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों की संख्या
0 34 लाख चार हजार 715 विद्यार्थी पंजीकृत
0 32 लाख 30 हजार 27 संस्थागत एवं एक लाख 74 हजार 688 व्यक्तिगत विद्यार्थी पंजीकृत
0 तीन लाख 89 हजार 658 विद्यार्थियों ने छोड़ दी परीक्षा
0 30 लाख 15 हजार 57 छात्र-छात्राएं परीक्षा में हुए शामिल