फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़कें-गलियां लबालब तो खोलना पड़ा मोरी गेट

Fri, 30 Jun 2017 01:53 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन

विज्ञापन
नगर निगम के नाला सफाई की पोल बृहस्पतिवार शाम को हुई जोरदार बारिश में ही खुल गई। झमाझम बारिश से कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। नाला-नाली चोंक होने से सिविल लाइंस, अशोक नगर, जार्जटाउन, टैगोरटाउन, एलनगंज जैसे पॉश इलाकों की कई सड़कों और रोड पटरियां लबालब हो गईं। अल्लापुर की नारायण विहार कॉलोनी, मीरापुर आदि मोहल्लों में सड़क धंसने से कई वाहन फंस गए। अल्लापुर में जबरदस्त जलभराव के कारण मोरी गेट खोलना पड़ा। दरअसल बिजली न आने के कारण पंप नहीं चल सके थे।

 शहर के अल्लापुर, जार्जटाउन, टैगौर टाउन, कीडगंज, मीरापुर, मम्मफोर्डगंज, डीपी स्कूल के पास प्रयाग स्ट्रीट समेत कई मोहल्लों की सड़कों और रोड पटरियों पर पानी भर गया। पॉश इलाकों के अलावा अल्लापुर में पंजाबी कॉलोनी के चार ब्लॉक, विवेकानंद पार्क, बाघंबरी हाउसिंग स्कीम, तुलसी पार्क के पास, पटेल नगर, शिवनगर कॉलोनी में रेलवे लाइन के किनारे वाला क्षेत्र, 60 फीट रोड , शिवाजी नगर, मटियारा रोड समेत शहर के कई मोहल्लों में जलभराव से स्थिति नारकीय हो गई। सड़कों पर दो से ढाई फीट तक पानी लगा रहा। गलियां भी लबालब रहीं। मोरी गेट और बख्शी बांध पर जाल सफाई के लिए नगर निगम का एक भी कर्मचारी नजर नहीं आया। कछारी इलाकों में राजापुर, ऊंचवागढ़ी आदि मोहल्लों में भी पानी लगा रहा। एक झटके में झमाझम के बाद रात में रुक -रुककर हुई बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। नगर निगम के बड़े अफसर शहर के बाहर हैं और अन्य जिम्मेदार अधिकारी लोगों को समस्या जानने बाहर नहीं निकले।
विज्ञापन


स्थानीय पार्षद शिवसेवक सिंह, विनय कुमार मिश्रा सिंटू, पूर्व पार्षद कमलेश सिंह आदि ने डीेएम, कमिश्नर की शिकायत की तो रात 8 बजे नगर निगम प्रशासन हरकत में आया। रात में डीएम संजय कुमार खुद जायजा लेने निकल पड़े। निगम के सहायक नगर अधिकारी सुमित कुमार आदि भी निकले। मोरी गेट खोलने से धीमी गति से पानी निकला तो लेकिन देर रात तक लोग जलभराव से परेशान रहे। कई स्थानों पर तो लोगों के घरों तक पानी पहुंच गया। अल्लापुर के बजरंग चौराहे पर ट्रांसफार्मर तक पानी पहुंचने से खतरा बन गया। यहां बिजली का गुल होने से परेशानी बढ़ गई।

शहर का कोई मोहल्ला ऐसा नहीं रहा, जहां बृहस्पतिवार को जलजमाव की समस्या न रही हो। सर्वाधिक दिक्कत मीरापुर, मुट्ठीगंज, लूकरगंज, विवेकानंद मार्ग, मोहत्सिमगंज, अल्लापुर में रही। इन मोहल्लों में कहीं नाले में सीवर का पानी जा रहा है तो कहीं सीवर में नाले का पानी। सीवर, नाली, नाले चोक होने से गंदा बदबूदार पानी सड़कों और गलियों में भर गया। ब्यूरो

अल्लापुर और दारागंज इलाके में घंटों बिजली गुल रहने से बक्शी बांध और मोरी गेट पर लगे पंप नहीं चले। पंप नहीं चलने से जलजमाव के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई। बख्शी बांद पर लगे तीन बड़े पंप बिजली गुल होने से नहीं चल सके। छोटे दस पंपों में डीजल से चलने वाले सात पंप रात में चले लेकिन तब तक स्थिति बिगड़ चुकी थी।

बक्शी बांध पर पंपिग स्टेशन पर लगा बड़ा 1000 केवीए का ट्रांसफार्मर अफसरों की लापरवाही से नहीं बन सका। डीएम के आदेश के बावजूद नए ट्रांसफार्मर खरीदने की प्रक्रिया भी शुरू नहीं की जा सकी। मरम्मत को गया पुराना ट्रांसफार्मर कंपनी ने बनाकर नहीं भेजा। इस कारण बख्शी बांध पर लगे तीन बड़े और तीन छोटे पंप नहीं चलाए जा सके।  

सीवर लाइन बिछाने के लिए गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई ने जिन मोहल्लों में खोदाई की वहां लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अल्लापुर, सोहबतियाबाग, मीरापुर, मोहत्सिमगंज, मुट्ठीगंज आर्यकन्या मार्ग, लूकरगंज आदि मोहल्लों में बनी सड़कें भी पहली तेज बारिश में धंस गईं। जहां गिट्टी डाली गई है, वहां भी मिट्टी धंसने से गड्ढों में पानी भर गया। इससे कई दोपहिया और चार पहिया वाहन फंस गए। प्रभावित मोहल्लों में सीवर के ढक्कन टूटे हैं और नालियों में मिट्टी भरी है। यह स्थिति लोगों के दुर्घटना का कारण बनी है।
विज्ञापन


पानी टंकी चौराहे पर जाम की समस्या फिर विकराल हो गई है। नवाब यूसुफ रोड पर गंगा प्रदूषण इकाई के खोदाई के काम और पानी टंकी पर ओवरब्रिज का निर्माण शुरू होने से सुबह से शाम तक जाम लग रहा है। बृहस्पतिवार की शाम बारिश हुई तो आपाधापी में आड़े तिरछे वाहन चौराहे पर इस कदर फंसे कि लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो गया। घंटे भर इंतजार के बाद किसी तरह वाहन खिसकाने की नौबत आई। रात नौ बजे के बाद चौराहे से निकले लोग रास्ता बदल कर किसी तरह घंटों बाद जाम से निकले।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें