फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धन तेरस पर धन की बौछार, सजे बाजारों में उमड़े खरीददार

Tue, 06 Nov 2018 01:28 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रयागराज
विज्ञापन
दिवाली के मद्देनजर बाजारों में खरीदारी बढ़ गई है।
विज्ञापन
पहले जीएसटी फिर पेट्रोल के बढ़े दाम और डॉलर के मुकाबले गिरते रुपये की मार झेल रहा बाजार धनतेरस पर खिलखिला उठा। शहरियों ने बाजारों में दिल खोलकर खरीदारी की। सबसे ज्यादा रौनक ज्वैलरी, कार, बाइक, इलेक्ट्रानिक एवं मोबाइल शोरूमों में दिखी। आंशिक मंदी से जूझ रहे बाजार में सुबह दस बजे से हलचल दिखनी शुरू हुई तो देर रात तक रौनक बनी रही। एक अनुमान के मुताबिक शहर में इस बार 600 करोड़ रुपये का कारोबार सिर्फ धनतेरस के दिन ही हुआ। उधर, ऑनलाइन शॉपिंग खूब धड़ल्ले से हुई। अकेले धनतेरस पर तकरीबन 100 करोड़ रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग का अनुमान लगाया गया है।
विज्ञापन


शहर के रानीमंडी, मीरगंज, सिविल लाइंस, कोठापार्चा, कटरा आदि इलाकों में स्थित ज्वैलरी के शोरूम में सुबह से ही रौनक दिखी। दिन चढ़ने के साथ ही सोना, चांदी, हीरे के खरीदारों से बाजार आबाद होने लगा। इस वर्ष सोने की बिक्री पिछले वर्ष के मुकाबले ज्यादा रही। चांदी सस्ती होने की वजह से विशेष डिजाइन वाले एंटीक आइटम, चांदी के सिक्के खूब खरीदे गए। तनिष्ठ के अजमत ने बताया कि इस बार बाजार बेहतर रहा। सिसोदिया जेम्स एंड ज्वेल्स सिविल लाइंस के उत्कर्ष ने बताया कि लोगों ने सहालग के  लिए भी खरीदारी की। लक्ष्मी ज्वैल्स कटरा, सिसोदिया जेम्स एंड ज्वेल्स सिविल लाइंस, भगतराम जयनारायण ज्वेलर्स सिविल लाइंस, काशी आर्नामेंट हाउस कोठी, महालक्ष्मी ज्वैलर्स कोठापार्चा, मनमोहन दास ज्वैलर्स रानीमंडी, सुहागन ज्वैलर्स कटरा, काशी आर्नामेंटस सिविल लाइंस, आधुनिक ज्वैलर्स कोेठापार्चा, मनमोहन ज्वैल्स सिविल लाइस आदि शोरूमों में दिन भर लोगों की भीड़  रही। एक अनुमान के मुताबिक इस बार धनतेरस पर 160 करोड़ रुपये के आसपास सोने चांदी का कारोबार हुआ।

मन की सवारी लेने के लिए शहर के सभी टू व्हीलर एवं फोर व्हीलर शोरूम में सुबह से ही ग्राहक डट गए। कार, बाइक, स्कूटर के शोरूम में लोगों ने खूब खरीदारी की। कई शोरूम में भीड़ का आलम यह रहा कि जो लोग गाड़ी खरीदने के लिए सुबह पहुंचे वह शाम को ही वापस लौट सके। युनाइटेड बजाज के ऋषि गुलाटी ने बताया कि तमाम लोगों ने धनतेरस के दिन बाइक लेने के लिए बुकिंग करवा रखी थी। अधिकांश ग्राहकों को धनतेरस के दिन ही डिलीवरी  की  गई। सरस्वती हीरो के अंकित श्रीवास्तव, जीपी होंडा के मनीष मिश्र ने बताया कि आज शोरूम में दिन भर ग्राहकों की भीड़ रही। एक अनुमान के मुताबिक होण्डा, हीरो, बजाज, टीवीएस, यामाहा, सुजुकी आदि कंपनियों के तकरीबन दस हजार दुपहिया वाहन बिके। औसतन एक दोपहिया की कीमत 60 हजार मानी जाए तो उस हिसाब से सिर्फ दोपहिया वाहन का कारोबार 60 करोड़ रुपये के आसपास रहा।  उधर चार पहिया वाहनाें की बात करें तो इस दौरान ह्यूंडई, मारुति, फोर्ड, महिंद्रा, टाटा, फोर्ड आदि कंपनियों की तकरीबन 1500 गाड़ियों  की बिक्री हुई। कृषि वाहनों की बात करें तो 100 ट्रैक्टर, 60 से अधिक ट्रक एवं अन्य कामर्शियल वाहनों की भी डिलीवरी धनतेरस पर हुई। सौ से ज्यादा ई रिक्शे भी धनतेरस के दिन बिके।
विज्ञापन


धनतेरस के दिन बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। इसी वजह से शहर में बर्तन के प्रमुख ठठेरी बाजार में देर रात तक लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। अधिकांश लोगों ने रोजमर्रा के बर्तनों को  ही खरीदने में दिलचस्पी दिखाई। सोमवार को क्राकरी भी खूब बिकी। इंडक्शन चूल्हा, पूजा में प्रयोग आने वाले बर्तन भी लोगों ने खरीदे। ठठेरी बाजार के बर्तन कारोबारी उदय कुमार ने बताया कि इस बार बाजार में ग्राहकों का रिस्पांस बेहतर मिला। उम्मीद से ज्यादा बाजार में ग्राहक आए। उधर, सिविल लाइंस, कटरा, कोठापार्चा, सोहबतियाबाग, अल्लापुर, तेेलियरगंज, विवेकानंद मार्ग, चौक आदि इलाकों की दुकानों में भी बर्तन खरीदने वालों की खूब भीड़ जुटी। बाजार के जानकारों की माने तो सिर्फ बर्तन बाजार में ही 30 करोड़ रुपये का कारोबार हो गया।

सोमवार कोे इलेक्ट्रानिक्स मार्केट में जबर्दस्त बूम रहा। सबसे ज्यादा एलईडी की बिक्री हुई। स्मार्ट टीवी खरीदने वालों की संख्या भी उत्साहजनक रही। वॉशिंग मशीन, फ्रिज, माइक्रोवेव, गीजर, एसी एवं अन्य उपकरण भी लोगों ने अपनी क्षमता के अनुसार खरीदे। तमाम कंपनियों की ओर से दिए गए ऑफर की वजह से शहरियों ने आगामी सहालग  सीजन को देखते हुए भी खरीदारी  कर डाली। शोरूमों पर खरीदारी के लिए दोपहर से ही ग्राहक जुटने लगे। आशा एंड कंपनी के प्रवीण मालवीय ने बताया कि इस बार एलईडी और स्मार्ट टीवी लोगों  की पहली पंसद रही। केके सेल्स सिविल लाइंस के केके श्रीवास्तव ने बताया कि फ्रिज, वॉशिंग मशीन में तमाम नये फीचर आनेे की वजह से इस  बार  इन दोनोें का मार्केट बेहतर रहा। जैन इलेक्ट्रानिक्स के अभिलाष जैन ने बताया कि इस बार बाजार बेहतर रहा। इसक अलावा मिक्सर, आयरन, वाटर प्यूरीफायर भी लोगों ने खरीदे। मोबाइल शोरूमों में भी ग्राहकों की भीड़ रही। एक अनुमान के मुताबिक इलेक्ट्रानिक्स मार्केट  में तकरीबन 65 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।

नोटबंदी की मार से रियल स्टेेट अब तक उबर नहीं सका है। पिछले वर्ष धनतेरस के मौके पर जहां 35 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था तो वहीं इस बार घटकर 25 करोड़ तक पहुंच गया। चाका, मुंडेरा, सिविल लाइंस आदि इलाकों में बनी  निजी बहुमंजिला आवासीय योजनाओं में तकरीबन  तीन दर्जन लोगों ने फ्लैट आदि बुक कराएं। पारस ग्रीन के योगेेश गोयल की मानें तो 2016 के बाद से रियल इस्टेट का कारोबार लगातार गिर रहा है। बाजार केे जानकार एवं व्यापारी नेता अखिलेश सिंह ने बताया कि रियल स्टेट में बीते दो साल से मंदी देखने को मिल रही है। कामर्शियल वाहनों की भी बिक्री इस बार अपेक्षाकृत कम देखने को मिली।

साड़ी, रेडीमेड गारमेंट्स के शोरूम में सोमवार को लोगों की खूब चहल पहल दिखी। धनतेरस पर लोगों ने कपड़ों की भी खरीदारी की। सिविल लाइंस, चौक, कटरा, कोठापार्चा आदि इलाकों में कपड़ों के बड़े शोरूम और अन्य दुकानाें पर लोगों की भीड़ रही। उधर दिवाली के मौके पर मुंह मीठा कराने के लिए मिठाइयों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही। सिविल लाइंस में कामधेनु, अशोक नगर में सैनिक स्वीट्स, कटरा में नेतराम, कान्हा, चौक क्षेत्र में निराला, भगवान दास प्रहलाद दास, बहादुरगंज में सुलाकी लाल, बालसन पर चंद्रा स्वीट्स आदि दुकानों पर दिवाली की मिठाई खूब पैक कराई गई। उधर ड्राई फ्रूट्स के गिफ्ट पैक भी गिफ्ट करने के लिए लोगों ने खरीदे। बाजार में पांच सौ रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक के ड्राई फ्रूट्स के गिफ्ट पैक की अच्छी बिक्री हुई। विवेकानंद मार्ग स्थित स्टेटमैन बेकरी के प्रोपराइटर राशिद सगीर ने बताया कि ड्राईफू टस के गिफ्ट पैकेट के साथ चॉकलेट के गिफ्ट पैक भी लोगों ने खरीदे।

बुधवार  को दिवाली है। इस वजह से सोमवार को शहर के पटाखा बाजार में भी खूब रौनक देखने को मिली। एंग्लो बंगाली मैदान में लगी दुकान के थोक व्यापारी मोहम्मद कादिर की मानें तो आज बिक्री बढ़िया हुई। इसके अलावा भारत स्काउट, केएन काटजू, मुंडेरा मंडी आदि स्थानों पटाखों की दुकानों में लगी फुटकर दुकानों में भी लोगों की खासी भीड़ रही। तमाम तरह के तकरीबन 15 करोड़ के पटाखे धनतेरस पर ही बिक गए।

शहरियों ने कहां कितने किए खर्च
चारपहिया-दुपहिया वाहन     225 करोड़ रुपये
ज्वैलरी बाजार                        160 करोड़ रुपये
इलेक्ट्रानिक्स बाजार                65 करोड़ रुपये
कामर्शियल एवं कृषि वाहन     35 करोड़ रुपये
बर्तन                                        30 करोड़ रुपये
रियल स्टेट                      25 करोड़ रुपये
ड्राईफ्रूट्स-मिठाई                20 करोड़ रुपये
आतिशबाजी                            16 करोड़ रुपये
कपड़े                             08 करोड़ रुपये
फर्नीचर                          06 करोड़ रुपये
झालर                                    05 करोड़ रुपये
विज्ञापन

लाई-लावा, खिलौने                03 करोड़ रुपये
फूलमाला, अगरबत्ती एवं अन्य    02 करोड़ रुपये
नोट:- अनुमानित आंकड़े, बाजार के जानकारों के मुताबिक
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें