सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को कहा कि केंद्र में मोदी और प्रदेश में योगी सरकार की लहर में विपक्ष गायब हो गया है। प्रदेश में बह रही विकास की धारा से विपक्षी पार्टियों के हौसले पस्त हो चुके हैं। विकास की गंगा बहने की वजह से भाजपा वर्ष 2019 क्या वर्ष 2024 में भी पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। यूपी में भी वर्ष 2022 फिर 2027 में भाजपा की ही सरकार बननी है।
फूलपुर लोकसभा उपचुनाव के मद्देनजर केशव ने यह बातें गंगापार के विभिन्न स्थानों पर हुई नुक्कड़ सभाओं में कही। उन्होंने सोरांव विधानसभा क्षेत्र के गोहरी, यादवपुर, ददौली चौराहा, हरिसेनगंज, मऊआइमा, जमुई, कमला नगर, सिकंदरा, सराय चंदी, बाबूगंज, कलंदरपुर समेत 15 स्थानों में आयोजित नुक्कड़ सभाओं में शिरकत की। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की तमाम योजनाओं भी उन्होंने बखान किया। इस अवसर पर विजय सिंह पटेल, वीरेंद्र कुशवाहा, गणेश मौर्य, राजेश पटैल, शंभुनाथ पटेल, रामखेलावन, राकेश शुक्ल, सुबोध सिंह, आशीष गुप्ता, पवन श्रीवास्तव, गिरजाशंकर पांडेय, प्रमोद मौर्य आदि मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम सोमवार को शहर में रहेंगे। यहां बेली रोड, कलक्ट्रेट, हाईकोर्ट, सिविल लाइंस आदि स्थानों पर जनसंपर्क करेंगे। दिन में वह भाजपा के महिला सम्मेलन में शिरकत करेंगे। शाम को ईश्वर शरण डिग्री कालेज सलोरी, आजाद मार्केट तेलियरगंज एवं छोटा बघाड़ा में वह जनसभा को संबोधित करेंगे।