ऊबड़-खाबड़ जमीन पर सरपट दौड़ी चार किलो की कार
एमएनएनआईटी में आयोजित ‘आविष्कार-2022’ के अंतिम दिन चार से पांच किलो की वजन वाली कारें उबड़-खाबड़ जमीन पर सरपट दौड़ीं। टेक्नोक्रेट्स ने इन्हीं ‘एसी कार’ का नाम दिया है। कार के साथ ही सेंसर पर चलने वाले रोबोट भी तकनीकी महोत्सव में आकर्षण का केंद्र रहे।
टेक्नोक्रेट्स ने रिमोर्ट पर चलने वाली ऐसी छोटी कारें बनाईं हैं, जिनका वजह महज चार से पांच किलो है। छात्र सुद्युत सिंह, कर्तव्य, वरुण, दीपांकुर, देवाशीष, गौरव के नेतृत्व में आयोजित ‘ऑटोमैक्स’ ऑटोमैक्स के तहत इन कारों की दौड़ का आयोजन किया गया। इन छोटी कारों की खासियत है कि ये किसी भी जगह आराम से पहुंच सकती हैं। कारों को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि इसमें कैमरे भी आसानी से फिट किए जा सकते हैं।
वहीं, रोबोटिक्स कार्यक्रम के तहत टेक्नोक्रेट्स की ओर से तैयार किए गए रोबोट भी आकर्षण का केंद्र रहे। एक ऐसा रोबोट भी था, जो जमीन पर बनी काली पट्टी पर ही चल रहा था। इसके लिए किसी रिमोट की जरूरत नहीं थी। अचानक सामने किसी वस्तु के आने पर रोबोट खुद ही अपना रास्ता बदल लेता है, ताकि कोई दुर्घटना न हो। खास यह कि रोबोट कोई भी वस्तु उठाकर एक से दूसरी जगह ले जा सकता है। संस्थान के छात्रों ने ह्यूमेनॉइड रोबोट भी तैयार किया है, जिसका प्रदर्शन किया गया।