सप्ताह भर पहले घर से लापता सब्जी कारोबारी की लाश दरी पहाड़ी के पास सुनसान स्थान पर एक पेड़ से लटकती हुई दिखी तो सनसनी फैल गई। सूचना पर बदहवास हालात में मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाकाई पुलिस घटना की छानबनी में जुटी हुई है। वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मेजा के सुकाठ गांव के अभयराज कुशवाहा (35) सब्जी कारोबारी थे।
11 दिसंबर की सुबह 11 बजे अभयराज घर से भटौती के लिए निकले थे, लेकिन शाम तक वे लौटे ही नहीं। परिजनों की बेचैनी बढ़ती गई। परिजनों ने हर संभव स्थान पर खोजबीन की लेकिन उनका कुछ भी पता नहीं चला। इस मामले में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। शुक्रवार शाम को दरी पहाड़ी के पास कुछ लोग अपनी मवेशियों को लेकर उधर गुजरे तो एक जंगली पेड़ से लटकती हुई लाश दिखी तो वे वहां से भाग खड़े हुए।
कुछ देर में वहां पर काफी भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने लाश की शिनाख्त सुकाठ के लापता सब्जी कारोबारी अभयराज कुशवाहा के रूप में की। परिजन भी आ गए। पत्नी रीता देवी तो दहाड़ मारकर रोने लगी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। मृतक सब्जी कारोबारी को दो बेटी और एक बेटा है।