पिपरी कोतवाली के आलमपुर गांव में बृहस्पतिवार की शाम कुएं में किशोरी का शव मिलने के बाद देर रात उसके पिता ने कोतवाली में सरेंडर कर दिया। थाने पहुंचे मृतका के पिता ने बेटी की हत्या का जुर्म कुबूल करते हुए आप बीती पुलिस को बताई। मामले में पुलिस ने मृतका के आशिक को भी हिरासत में लिया है। अब पुलिस को मृतका के पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
आलमपुर गांव निवासी दशरथ पाल की बेटी पूजा छह दिन दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। इस दौरान दशरथ भी घर से गायब था। गांव के लोगों ने पिता-पुत्री को कई दिनों तक नहीं देखा तो तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई। बृहस्पतिवार की सुबह गांव के कुछ लोग जब खेत की ओर गए तो दशरथ की बाग में स्थित कुएं से दुर्गंध महसूस किया। सूचना पर पहुंची पिपरी पुलिस ने फायर ब्रिग्रेड की मदद से शव को बाहर निकाला तो दशरथ की बेटी पूजा का ही निकला।
मामले में पुलिस ने मृतका की मां को हिरासत में लेकर घटना की छानबीन शुरू किया तो कई पहलू उभर कर सामने आए। मां ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी गांव तिलगोड़ी निवासी दीपू नाम का शादीशुदा युवक उसकी बेटी को जबरन परेशान करता था। पुलिस घटना की छानबीन कर ही रही थी कि बेटी के हत्यारोपी पिता दशरथ ने थाने में सरेंडर कर अपना जुर्म कुबूल कर लिया।
दूसरी तरफ पुलिस ने मृतका के आशिक दीपू यादव निवासी तिलगोड़ी को भी हिरासत में ले लिया है। मामले में अब पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। सीओ चायल श्यामकांत का कहना है कि मृतका का पिता और उसके प्रेमी को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।