सात महीने से ड्यूटी से गायब चल रहा जेई
विभाग के पास उपलब्ध पते से लौट आ रहे पत्र
प्रयागराज। बिजली विभाग के एक अवर अभियंता (जेई) सात महीने से बिना किसी सूचना के लापता हैं। विभाग की ओर से उन्हें तीन बार पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन तीनों ही बार ये लौट आए। बताया गया कि उक्त पते पर इस नाम का कोई व्यक्ति नहीं रहता है। ऐसे में विभाग अवर अभियंता से जवाब भी नहीं मांग पा रहा है।
अवर अभियंता नीरज कुमार गुप्ता की तैनाती गंगापार क्षेत्र के फतेहपुर कायस्थान उपकेंद्र में है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक वह विगत वर्ष तीन दिसंबर से काम पर नहीं हैं। विभाग के पास उपलब्ध जानकारी के मुताबिक नीरज बुलंदशहर जिले के देवीपुरा प्रथम के रहने वाले हैं। उनके इसी पते पर पत्र भेजे जा रहे हैं।
वर्जन -
फतेहपुर कायस्थान उपकेंद्र पर तैनात जेई नीरज गुप्ता बगैर किसी सूचना के सात महीने से गायब हैं। उनके पते पर जो पत्र भेजे जाते हैं, वे लौट आते हैं। इस मामले की जानकारी विभाग के उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।
- आनंद कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, गंगापार
कोरोना के सात नए रोगी, एक्टिव केस 50 पार
प्रयागराज। कोरोना संक्रमण के सात नए मामले सामने आए हैं। विभागीय आंकड़े के मुताबिक जिले में पिछले 24 घंटे में 1174 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें से सात लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं,छह मरीजों ने संक्रमण को मात भी दी है। एक्टिव केस की संख्या एक बार फिर 50 का आंकड़ा पार कर 52 हो गई है।