एक किशोरी को शादी का झांसा देकर युवक चार वर्ष तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। उसके बालिग होने के बाद भी युवक विवाह के लिए राजी नहीं हुआ। परेशान होकर जब युवती ने दबाव बनाया, तब युवक ने जान से मार डालने की धमकी देनी शुरू कर दी। पीड़िता ने शिवकुटी थाने में दुष्कर्म के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहत्सिमगंज निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि तेलियरगंज निवासी शहजादे से उसकी करीब चार वर्ष पूर्व मुलाकात हुई थी। उस दौरान वह नाबालिग थी। आरोपी ने विवाह का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। युवक ने उसके बालिग होने पर विवाह करने का वायदा किया, लेकिन बाद में मुकर गया।
युवक का रवैया देखकर पीड़िता हतप्रभ रह गई। उसने शिवकुटी थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर शिवकुटी के मुताबिक आरोपी की तलाश की जा रही है। दोनों पक्षों के बीच पारिवारिक पंचायत भी हो चुकी।