करेली में विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान केंद्र के बाहर हुई हत्या में वांछित एक बदमाश गिरफ्तार कर लिया गया। 25 हजार का इनामी सरफराज छह अन्य बदमाशों संग इस मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस का कहना है कि फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घटना 27 फरवरी को वोटिंग वाले दिन हुई थी। करेली के जीटीबी नगर में मतदान केंद्र के बाहर बम मारकर अर्जुन कोल की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने नौ मार्च को गौस नगर निवासी हसन, मस्तान मार्केट निवासी मोइनुद्दीन उर्फ मुन्ना और गौस नगर के ही आसिफ उर्फ इबभनी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया था कि दहशत फैलाने के लिए उन्होंने यह वारदात की थी।
साथ ही बताया था कि घटना में कुल नौ लोग शामिल थे, जिनमें से छह फरार हैं। हाल ही में इन सभी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया। इनमें से सरफराज निवासी रहमत नगर सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल शाफिल, राशिद, अनीस, दानिश व फैज अंसारी की तलाश की जा रही है।
चार जेल में, लेकिन राज खुलना अभी बाकी
इस प्रकरण में सबसे खास बात यह है कि चार आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने के बाद भी सबसे अहम राज खुलना अभी बाकी है। दरअसल जेल भेजे गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया था कि चुनाव के दौरान दहशत फैलाकर माहौल खराब करने के लिए यह वारदात की गई थी। पुलिस का कहना है कि सरफराज ने भी यही बात बताई। लेकिन अब तक यह नहीं पता चल सका है कि दहशत फैलाने के लिए बम चलाकर हत्या आखिर किसके इशारे पर की गई। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह का कहना है कि अब तक जेल भेजे गए चार आरोपियों ने यही बताया है कि वह शाफिल के कहने पर घटना में शामिल हुए। एसपी सिटी ने बताया कि शाफिल के पकड़े जाने केबाद ही यह राज खुलेगा।