विभाग अब 21 वर्ष से कम आयु वाले पंजीकृत श्रमिकों को चिह्नित कर उन्हें अग्निवीर बनने के लिए प्रेरित करेगा। इस अवसर पर मंत्री रघुराज ने कहा कि कोरोना काल में काफी संख्या में लोगों ने ई-श्रम योजना के तहत पंजीकरण कराया। प्रयागराज में 23 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं, जबकि जिले की कुल जनसंख्या तकरीबन 70 लाख है। इस हिसाब से यहां हर तीसरा व्यक्ति श्रमिक हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ लेने के चक्कर में तमाम लोगों ने अपनी पंजीकरण करवा लिए। अब वह बैठक कर डीएलसी से इस प्रकरण की जांच कराने के लिए कहेंगे। ताकि अपात्रों को बाहर किया जा सके।
इस कार्यकाल में पांच लाख विवाह का लक्ष्य
राज्य मंत्री रघुराज निर्माणाधीन भवनों में सेस की राशि की जानकारी लेने के लिए मंडलों में भ्रमण के लिए निकले हैं। सोमवार को प्रयागराज पहुंचे मंत्री ने कहा कि गरीब बेटियों की शादी के लिए विभाग की ओर से अगस्त में सामूहिक विवाह का आयोजन होगा। योगी सरकार के पहले कार्यकाल में दो लाख गरीब बेटियों की शादी करवाई गई। इस कार्यकाल में पांच लाख विवाह कराने का लक्ष्य है। इस विवाह में एक लाख रुपये की राशि दी जाएगी।
सपा सरकार में केवल मुस्लिम बेटियों को 35 हजार रुपये की राशि दी जाती थी, लेकिन योगी सरकार में योजना के तहत हर जाति एवं धर्म के गरीब को शामिल किया गया है। पिछले कार्यकाल में कुल विवाह में से 40 फीसदी मुस्लिमों के ही रहे। मंत्री रघुराज मंगलवार को 11 बजे विभागीय अफसरों के साथ बैठक करेंगे। इसके पूर्व वह संगम स्नान के साथ ही बड़े हनुमान मंदिर का दर्शन करेंगे।