बहादुरगंज स्थित मनोकामनापूर्ति शिव मंदिर में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ने पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव
उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने रविवार को अपना 16वां पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव भव्य और सेवामयी अंदाज में मनाया। वर्ष 2010 में 12 जुलाई को बहादुरगंज में हुए हमले में मौत को मात देकर उन्होंने नया जीवन पाया था। इस दिन को व्यापारियों और समर्थकों ने साहस दिवस के रूप में मनाया।
कड़े सुरक्षा घेरे के बीच मंत्री नंदी ने बहादुरगंज स्थित प्राचीन मनोकामनापूर्ति शिव मंदिर में पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, परिजनों और शुभचिंतकों के साथ भगवान भोलेनाथ का भव्य रुद्राभिषेक किया। उन्होंने लोक कल्याण की कामना की। इस दौरान 51 डमरुओं के नाद और कौशांबी से आए 180 बटुकों के मंत्रोच्चारण से पूरा इलाका शिवजी की भक्ति में सराबोर हो उठा।
समारोह में कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, सांसद प्रवीण पटेल, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी, विधायक दीपक पटेल, फिल्म डायरेक्टर अभिषेक अग्रवाल, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष योगेश गोयल, अभिषेक केसरवानी, लालू मित्तल विशेष रूप से मौजूद रहे।
लंदन और स्पेन के युवा उद्यमियों सहित नौ विदेशी मेहमानों का एक दल विशेष रूप से इस रुद्राभिषेक पूजन में सम्मिलित हुआ और भारतीय परंपरा का हिस्सा बना। इस दौरान स्वरूपरानी मेडिकल कॉलेज में जन्मी 30 नवजात बच्चियों को बेबी किट बांटे गए और उनकी माताओं का सम्मान किया गया। मंत्री नंदी ने कहा कि बम धमाके के बाद मिला उनका यह पुनर्जीवन पूरी तरह से जनता की सेवा और समाज के जरूरतमंदों के कल्याण के लिए समर्पित है। इस दौरान आयोजित विशाल भंडारे में प्रयागराज एवं प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
बहादुरगंज स्थित मनोकामनापूर्ति शिव मंदिर में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ने पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव