प्रदेश के 17 जनपदों के 21 राजकीय इंटर कॉलेजों (जीआईसी) में जल्द ही अत्याधुनिक मिनी इंडोर स्टेडियम का निर्माण होगा। राज्य सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत आएगी। प्रत्येक स्टेडियम के निर्माण पर 4.92 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य के लिए कार्यदायी संस्था चिह्नित कर ली गई है और प्रत्येक स्टेडियम के लिए 2.16 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है।
प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा विभाग के छात्रों को उच्च स्तरीय खेल प्रशिक्षण और सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। स्टेडियम का निर्माण कानपुर, मथुरा, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, संभल, गोंडा, हरदोई, बदायूं, अयोध्या, प्रतापगढ़, भदोही, वाराणसी, अंबेडकरनगर, पीलीभीत और आगरा सहित 17 जिलों के राजकीय बालक/बालिका स्कूलों में होगा।
युवा कल्याण विभाग के शासनादेश और व्यय वित्त समिति के अनुमोदन के बाद इस परियोजना को स्वीकृति दी गई है। शिक्षा निदेशक माध्यमिक डॉ. महेंद्र देव ने सभी संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि पहले 19 जिलों के 23 जीआईसी में स्टेडियम निर्माण के प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। हालांकि उन्नाव में मानक से कम भूमि और गाजीपुर में लो-लैंड (नीची जमीन) होने के कारण इन दोनों जिलों को सूची से बाहर कर दिया गया।
यहां होगा स्टेडियम का निर्माण
जीआईसी चुन्नीगंज कानपुर नगर, वीडीपी जीआईसी मथुरा, पीएमश्री जीआईसी झालू बिजनौर, जीआईसी बुलंदशहर, दीन दयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज नैथला हसनपुर, जीआईसी नोएडा, जीआईसी छलसेर अलीगढ़, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज राजपुर संभल, जीआईसी गोंडा, हरदोई, बदायूं, अयोध्या, प्रतापगढ़, शाहगंज आगरा, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, प्रभु नारायण जीआईसी रामनगर वाराणसी, जीआईसी अकबरपुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज खजूरडीह अंबेडकरनगर, पीएमश्री शाहगंज, आगरा, पीलीभीत।