mercury will jump and it be sunny
आग का गोला बने सूरज ने तपिश बढ़ा दी है। मई में दूसरी बार अधिकतम तापमान दूसरी बार 40 डिग्री के पार गया। शाम को अचानक छाए बादलों ने कहीं-कहीं बूंदाबांदी कराई। वहीं थोड़ी ही देर बाद चक्रवाती दबाव में छाए बादलों को तेज हवाएं उड़ा ले गईं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अब धूप और कड़क होगी। बीच-बीच में आंधी संग बूंदाबांदी के आसार और धूप-छांव का मौसम बना रह सकता है।
शुक्रवार को सुबह से ही धूप कड़क रही। दोपहर बाद शरीर में चुभने वाली धूप से तापमान अचानक बढ़ा। नौ मई के बाद 15 मई को एक बार फिर अधिकतम पारा 40 डिग्री के पार गया। दिन का पारा 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में उछाल आया। यह 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सूरज के दहकने से वातावरण में नमी का स्तर कुछ कम होकर उच्चत्तम 82 फीसदी पर टिका रहा।
शाम को अचानक छाए बादलों ने धमाचौकड़ी मचाई। काले बादलों ने मौसम बदलने के संकेत दिए लेकिन करीब 20 किलोमीटर की रफ्तार से दस मिनट चली हवाओं संग बादल उड़ गए। इस बीच कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई।
मौसम विज्ञानी प्रो. एचएन मिश्रा के मुताबिक चक्रवाती प्रभाव मौसम में बदलाव का कारण बन सकता है। इस सप्ताह धूप कड़क होगी पर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। तेज बारिश की संभावना कम ही है।