नकली सोना देने और लूटपाट करने के मामले में शुक्रवार को मेजा पुलिस ने कुंवरपट्टी बाग से एक आरोपी को धर दबोचा है। उसके पास से पांच सिक्कानुमा पीली धातु (नकली सोना), एक मोबाइल फोन और 17 सौ रुपये बरामद किए गए हैं।
मेजा इंस्पेक्टर दीनदयाल सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष नौ अप्रैल को उरुवा ओवरब्रिज के पास अंदावा थाना सरायइनायत के अनूप कुमार का बैग छीनकर पांच बदमाश फरार हो गए थे। मामले में एफआईआर दर्ज की गई। मेजा इंस्पेक्टर ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पर शुक्रवार को मेजा के कुंवरपट्टी बाग में घेराबंदी की गई और गोरेलाल निवासी कंवरिया नेवढ़िया को गिरफ्तार किया गया।
पकड़े गए आरोपी ने बताया कि बीते नौ अप्रैल को उरुवा ओवरब्रिज के पास सरायइनायत के अनूप कुमार को एक किलो सोना की जगह दस किलो सोना देने का झांसा देकर बुलाया गया था। फिर उनका सोना छीनकर सभी फरार हो गए थे। शुक्रवार को भी कुंवरपट्टी बाग में एक व्यक्ति को बुलाया गया था लेकिन तब तक पुलिस आ गई।
आरोपी गोरेलाल ने बताया कि पहले लोगों को फोन पर जानकारी दी जाती है कि एक किलो सोने की जगह 10 किलो सोना दिया जाएगा। इसी झांसे में लेकर वह अपने अन्य साथियों के साथ वारदात को अंजाम देता था।