एमबीबीएस में दाखिले के दूसरे दिन उमड़ी छात्रों की भीड़
0 156 अभ्यर्थियों ने लिया प्रवेश, एमएलएन मेडिकल कॉलेज की 200 सीटों में से 62 सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया पूरी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। एसआरएन अस्पताल में एमबीबीएस में दाखिले की चल रही प्रक्रिया में दूसरे दिन 156 अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिया। इनमें सबसे अधिक एमएलएन मेडिकल कॉलेज की 62 सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया पूरी हुई। इस प्रकार दो दिन के भीतर ही कॉलेज की 200 सीटों में से 81 सीटें फुल हो गईं। एमएलएन मेडिकल कॉलेज को दाखिले के लिए नोडल बनाया गया है। ऐसे में तीन अन्य कॉलेजों की सीटों पर भी अभ्यर्थियों को दाखिला मिला। प्रवेश के लिए पहुंच रहे अभ्यर्थियों को तमाम प्रक्रियाओं से गुजरने के कारण लंबा समय लगा। ऐसे में अभ्यर्थियों से थोड़ा पहले आने की अपील की गई है।
बृहस्पतिवार को एमएलएन मेडिकल कॉलेज के अलावा मिर्जापुर मेडिकल कॉलेज की 19 सीटों पर दाखिला लिया गया। हेरिटेज कॉलेज वाराणसी में 31 दाखिले हुए। यूनाइटेड कॉलेज की 45 सीटों पर भी प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की गई। अभी एमएलएन मेडिकल कॉलेज की 119 सीटें बची हैं। जबकि चारों मेडिकल कॉलेज मिलाकर 600 सीटों पर दाखिला लिया जाना है। अभ्यर्थियों को एसआरएन अस्पताल के टेली मेडिसिन सेंटर बुलाया गया है। मेडिकल कॉलेज में दाखिले के लिए अभ्यर्थियों को अपनी फिटनेस शो करनी पड़ रही है। ऐसे में पहले उनका मेडिकल कराया जा रहा है। इसमें सबसे ज्यादा समय लगता है। अधिकारियों का कहना है कि अभ्यर्थियों को थोड़ा पहले आना होगा। जिससे समय से उनका काम पूरा कर लिया जाए, लेकिन देखा जा रहा है अभ्यर्थी देरी से सेंटर पहुंच रहे हैं। इसके अलावा उनके पास संबंधित डॉक्यूमेंट होने जरूरी हैं। जिसकी लिस्ट सेंटर के बाहर चस्पा कर दी गई है।
वर्जन
- इस बार दाखिले की प्रक्रिया सात फरवरी तक जारी रहेगी। शनिवार और रविवार को भी दाखिले लिए जाएंगे। लेकिन अभ्यर्थियों से अपील है कि वह समय से सेंटर पहुंचें। क्योंकि यहां पर उनका मेडिकल फिटनेस भी किया जाना है। जिसमें समय लगता है।
डॉ. कविता चावला, यूजी पीजी काउंसलिंग प्रभारी, एसआरएन अस्पताल