Prayagraj News : थरवई के खैवजपुर गांव में सामूहिक हत्याकांड के दौरान लगाईगई आग से जले सामान में छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
श्मशान घाट पर विवाद
उधर पोस्टमार्टम के बाद परिजन सभी शव लेकर फाफामऊ घाट पर पहुंचे। लेकिन अंतिम संस्कार के पहले ही यहां विवाद हो गया। दरअसल घटना में मारे गए दंपती की बहू के मायकेवालों का कहना था कि सुनील केवल अपने माता-पिता व बहन का अंतिम संस्कार करे। अपनी बेटी व नातिन का अंतिम संस्कार वह खुद करेंगे। इसे लेकर वहां नोकझोंक चलती रही। इसके बाद सुनील ने तीन शवों का अंतिम संस्कार किया। जबकि पत्नी व बेटी के शव के अंतिम संस्कार करने को लेकर मायकेवालों से देर रात तक बातचीत चलती रही।
सिर की चोट बनी मौत का कारण, कोमा में चले गऐ थे सभी
थरवई में मारे गए पांचों लोगों की मौत का कारण सिर में लगी चोट रही। दोपहर बाद चार डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच करीब पांच बजे पोस्टमार्टम शुरू किया। करीब सात बजे पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, सिर में घातक चोट लगने की वजह से पांचों की मौत हुई। भारी व ठोस चीज से हुए वार के चलते मृत्यु से पूर्व सभी कोमा में भी चले गए थे। सूत्रों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण ‘हैमरेजिक शॉक एंड कोमा ड्यू टु एंटीमार्टम हेड इंजरी’ आया है। कुछ मृतकों के शरीर पर नुकीली वस्तु से भी चोट केनिशान मिले हैं।