संदिग्ध दशा में विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी हालत खराब हो गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के रूमतपुर किंधौली गांव निवासी निशा पटेल (25) पत्नी शिव भवन पटेल उर्फ बधाई ने संदिग्ध दशा में मंगलवार की शाम जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर आसपास के लोगों ने खेत में काम कर रहे उसके सास-ससुर को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन उसे कुंडा ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया।
प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मायके वालों को मिली तो वह भी गांव पहुंच गए। इस दौरान उसकी दहेज के लिए जहर देकर मार डालने का आरोप लगाते हुए संग्रामगढ़ पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की शादी 2014 में हुई थी। उसके एक वर्ष की एक पुत्री भी है। मृतका के पिता झुरई पटेल पिड़िया सलोन रायबरेली ने सास, ससुर, पति, जेठ, जेठानी के खिलाफ तहरीर देकर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।