फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj News: विवाहिता की मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

Fri, 11 Sep 2026 02:25 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, प्रयागराज
विज्ञापन
मऊआइमा- मृतका नीलम सोनी की फ़ाइल फ़ोटो - फोटो : Archive
विज्ञापन
नगर पंचायत में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर रस्सी से गला कसकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर पति और सास को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन



प्रतापगढ़ के फतनपुर थाना क्षेत्र के बेहदौल कलां सुवंशा गांव निवासी लाल चंद्र सोनी ने अपनी बेटी नीलम सोनी (30) की शादी 3 दिसंबर 2020 को मऊआइमा के चुनौंटा कुआं चौराहा निवासी वीरेंद्र कुमार सोनी के साथ की थी। दंपती के पांच वर्ष के जुड़वां बेटे वेद और वीर हैं।
परिजनों के अनुसार, नीलम पांच माह की गर्भवती थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। इसकी जानकारी वह फोन पर मायके वालों को देती थी। बृहस्पतिवार सुबह तिलई बाजार निवासी रिश्तेदार जयकेश सोनी ने नीलम की तबीयत खराब होने की सूचना मायके वालों को दी। परिजन जब मऊआइमा पहुंचे तो नीलम मृत पड़ी थी। गले पर काले निशान देखकर मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
विज्ञापन



चौराहे पर हंगामा, लगा जाम


नीलम के पिता लाल चंद्र, मां शांति देवी, भाई संतोष, संदीप, संजय सहित अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। शव देखकर दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई। हंगामे के कारण चुनौंटा कुआं चौराहे पर भीड़ जुट गई और जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति वीरेंद्र, सास राजकुमारी और ननद सपना के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पति और सास को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें