क्षेत्र का प्रतिष्ठित मंसूराबाद बाजार इन दिनों गंदगी और जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। बाजार के कोने कोने में जल जमाव और गंदगी का अंबार लगा है। इससे आमजन, दुकानदार और ग्राहक सभी परेशान हैं। नालियों की नियमित सफाई न होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था के अभाव में हैंडपंप का पानी चारों तरफ फैला है, जिससे दुर्गंध फैल रही है।
मंसूराबाद में दो दिन रविवार व बुधवार को साप्ताहिक बाजार लगती है। दुकानदारों का कहना है कि जलजमाव के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। लोग फिसलने के डर से बाजार आने से कतराते हैं। गंदे पानी से संक्रमण फैलने की आशंका है। गंदे पानी में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।
स्थानीय क्षेत्र पंचायत सदस्य तीरथ लाल केसरवानी कहते हैं कि सफाई के लिए ब्लॉक मुख्यालय में वह कई बार शिकायती पत्र भी दिए मगर हुआ कुछ नहीं। वहीं, दुकानदार विनोद कुमार केसरवानी, बिल्लू मोदनवाल, भारत लाल केसरवानी, राकेश सरोज ने कहा कि गंदगी के चलते खरीदार ही नहीं आते हैं।
आलू विक्रेता राहुल कुमार कहते हैं कि दुकान की जगह हैंड पंप का पानी भरा रहता है। एडीओ पंचायत रामवीर सिंह ने कहा कि रोस्टर के अनुसार बाजार में सफाई कराई जाती है, यदि गंदगी है तो उसे साफ कराया जाएगा। गंदगी, जलजमाव एवं कब्जा की समस्या से जूझ रहे दुकानदारों ने समस्या के समाधान की मांग डीएम के सामने रखी गई है।