मेजा थाना क्षेत्र के भैया गांव में एक कलयुगी पिता ने मानवता को शर्मसार करते हुए अपनी ही एक माह की नवजात बेटी की गला घोटकर हत्या कर दी। यह इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया गया है।
मंगलवार की सुबह मेजा थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत भैया में सुशील कुमार पाल पुत्र लाल बहादुर पाल का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद काफी आगे बढ़ गया। इससे गुस्साए सुशील ने चारपाई पर सोई अपनी एक माह की बच्ची शिवानी की गला दबाकर हत्या कर दी। इससे परिवार में हड़कंप मच गया। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए।
इसी बीच सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। चौकी प्रभारी कोहड़ार विनोद कुमार सिंह ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।