सिविल लाइंस स्थित विनायक ली ग्रैंड अपार्टमेंट में बच्चों-महिलाओं ने शनिवार को प्रेरक नारों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रयागराज में रिकार्डतोड़ मतदान का संदेश दिया। अमर उजाला अपराजिता व निर्वाचन आयोग के स्विप कार्यक्रम के संयुक्त मतदाता जागरूकता अभियान के तहत महिलाओं ने हथेलियों पर मेहंदी रचाई। इस दौरान लोगों ने नारी गरिमा को बनाए रखने की शपथ ली।
अपार्टमेंट में शाम सात बजे मतदाता जागरूकता अभियान के तहत प्रतियोगिताएं शुरू हुईं। इस दौरान बच्चों के वर्ग में गौरिका गुप्ता, राशि मिश्रा, अश्विका अग्रवाल, अनिका श्रीवास्तव, आर्ना श्रीवास्तव, अद्यांश मोहंती, सोनम सिंह, अवनि अग्रवाल समेत कई छात्र-छात्राओं ने कैनवस पर मतदान के महत्व पर आधारित तरह-तरह की पेंटिंग बनाई। बच्चों ने रंगों-रेखाओं में लोकतंत्र के उत्सव को जीवंत बनाने की कोशिश की।
महिलाओं में मंजू अग्रवाल, रीता चौरसिया,ऋतु अरोरा,सुमन गुप्ता,श्रद्धा पांडेय,पंखुड़ी अग्रवाल,पूजा अग्रवाल, सारिका अग्रवाल समेत कई ने मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इस मौके पर दिलीप चौरसिया, मधुरेंद्र नाथ, अमिताभ श्रीवास्तव समेत अन्य लोगों ने शतप्रतिशत मतदान का संकल्प लिया। शिक्षिका अपर्णा बाजपेयी व समाजसेविका डॉ. रश्मि शुक्ला ने जागरूकता अभियान को कामयाब बनाने की शपथ दिलाई। स्विप के सहायक प्रभारी अधिकारी डॉ. निरंजन सिंह ने कहा मतदान को त्यौहार के रूप में मनाने की लोगों से अपील की।