आचार्य महामंडलेश्वर की भी होगी ताजपोशी
चौफटका स्थित अनंत माधव देवगिरि हनुमान मंदिर परिसर में 26 अक्तूबर को गुरुदत्त अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर के पद पर मथुरा के स्वामी चैतन्य गिरि, महामंडलेश्वर पद पर दिल्ली के स्वामी कृष्णानंद ब्रह्मचारी, हरिद्वार के भवानी शंकर गिरि, प्रयागराज के आचार्य विनोद गिरि और स्वामी वीरेंद्रानंद गिरि का पट्टाभिषेक होगा।
दो महिला महामंडलेश्वर भी बनेंगी। इनमें मैनपुरी (उप्र) की सुषमा गिरि और सूरत (गुजरात) से दिव्या आनंद गिरि शामिल हैं। पट्टाभिषेक समारोह के लिए गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र समेत देश भर के पीठाधीश्वरों, महंतों को न्योता भेजा गया है। इसी समारोह में महाकुंभ के लिए छावनी प्रवेश (पेशवाई) की तिथि का एलान भी किया जाएगा।
हमारे अखाड़े का उद्देश्य दबे कुचले, कुचक्र से पीड़ित और जूना अखाड़े से राजनीतिक कारणों से निष्कासित सज्जन तपस्वी महात्माओं को संरक्षण देना है। जिनके पास धन नहीं है, उनको हमारा अखाड़ा योग्यता के अनुसार पद देकर सम्मानित करेगा। नई दिशा एक नया घर दिया जाएगा। - स्वामी आदित्यानंद गोल्ड गिरि, सह संस्थापक श्रीपंच दशनाम गुरुदत्त अखाड़ा