होटल कारोबारी योगेश गोयल बताते हैं कि 28 एवं 29 की जो बुकिंग थी उसमें से कुछ गेस्ट शहर में प्रवेश ही नहीं कर सके। इस वजह से उनकी बुकिंग निरस्त करनी पड़ी। कहा कि पांच फरवरी के बाद से बुकिंग को लेकर पूछताछ बढ़ी है। होटल और रेस्टोरेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह ने बताया कि तकरीबन 20 प्रतिशत की गिरावट तो हुई है लेकिन बसंत के बाद बुकिंग बेहतर है। होटल कारोबारी विदुप अग्रहरि ने भी माना की हादसे की वजह से बुकिंग में गिरावट आई है।
कहा कि अभी प्रयागराज में काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। शहर में भीड़ की वजह से कस्टमर को होटल तक पहुंचने में दिक्कत तो हो रही है लेकिन तीसरे अमृत स्नान के बाद कुछ हद तक भीड़ कम होने की उम्मीद है। उधर अरैल समेत मेला क्षेत्र के तमाम इलाकों में बनाए गए टेंट सिटी को लेकर लोगों में खासा क्रेज है। गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र आदि राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की पहली पसंद टेंट सिटी ही है। आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत सिन्हा का कहना है कि टेंट सिटी में अगले कुछ दिन जगह नहीं है। फिर भी लोग ऑनलाइन चेक करते रहे।