गंगापार में फूलपुर के अरवासी गांव के पास रविवार दोपहर कांवड़ियों से भरा मैजिक पलट गया। जिसमें दो की मौत हो गई जबकि 28 घायल हो गए। इनमें से छह का एसआरएन जबकि मामूली रूप से चोटिल अन्य कांवड़ियोें का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। सभी जौनपुर से गंगाजल लेने के लिए दारागंज स्थित दशाश्वमेध घाट पर आ रहे थे।
जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर से 40 से ज्यादा कांवड़िये शनिवार को सुजानगंज स्थित गौरीशंकर धाम जाने के लिए डीसीएम पर सवार होकर घर से निकले। इनमें मुंगराबादशाहपुर के गुलरा सोहासा गांव निवासी मुलायम(25) पुत्र रंगबहादुर व अजय (24) पुत्र जीतलाल पटेल समेत अन्य युवक शामिल थे। चूंकि कांवड़ियों को जल लेना था ऐसे में वह दारागंज स्थित दशाश्वमेध घाट पर आने लगे। दोपहर एक बजे के करीब सभी फूलपुर के अरवासी गांव स्थित रानी का तालाब के पास पहुंचे थे कि तभी अनियंत्रित होकर मैजिक पलट गया। जिससे इस पर सवार 30 कांवड़िये मैजिक के नीचे दब गए। साथियों को मैजिक के नीचे दबे देख अन्य कांवड़ियों में चीखपुकार मच गई।
जिस पर स्थानीय लोग भी पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से मैजिक को सीधा कर उसके नीचे दबे कांवड़ियों को बाहर निकाला गया। तब तक सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। सभी घायलों को सीएचसी ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने आठ को रेफर कर दिया। पुलिस इन्हेें लेकर एसआररएन अस्पताल पहुंची लेकिन तब तक दो कांवड़िये मुलायम व अजय की मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल अमित, विजय पटेल, विंद बहादुर, प्रदीप गुप्ता, विनोद पटेल व कुलदीप गुप्ता को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर हादसे की खबर परिजनों तक पहुंची तो उनमें कोहराम मच गया। सीएचसी पहुंचकर घायलों को उनके परिवारवाले निजी अस्पताल ले गए। इससे पहले घटना की सूचना पर पुलिस के साथ ही प्रशासनिक अफसर भी मौके पर पहुंचे। उधर पुलिस का कहना है कि हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हुई है जबकि छह घायल हुए हैं। सीओ रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया है। घायलों का इलाज एसआरएन अस्पताल में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि इस मैजिक वाहन में करीब आठ कांवड़िये सवार थे। फिलहाल डॉक्टरों ने छह घायल कांवड़ियों को खतरे से बाहर बताया है। मृत कांवड़ियों की पहचान मुलायम (25 वर्षीय) पुत्र रंग बहादुर और अजय (24 वर्षीय) पुत्र जीत लाल पटेल के तौर पर हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि सभी कांवड़िये ग्राम गुलरा मुंगरा बादशाहपुर जनपद जौनपुर के रहने वाले हैं।