संगम स्नान के समय महिला को हुई प्रसव पीड़ा,त्रिवेणी अस्पताल में उपचार के बाद रेफर
मकर संक्रांति स्नान पर्व के मौके पर संगम पर प्रसव पीड़ा होने पर एक महिला श्रद्धालु को एंबुलेंस से त्रिवेणी अस्पताल भर्ती में कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
शंकरगढ़ से गंगा स्नान करने आई महिला श्रद्धालु सुमन को सुबह साढ़े छह बजे संगम नोज के पास प्रसव पीड़ा होने लगी। इसकी जानकारी मिलने पर भीड़ लग गई। कुछ देर बाद सिविल डिफेंस के वालेंटियर्स ने एंबुलेंस की मदद से उसे त्रिवेणी अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. अंकिता पांडेय ने बताया कि महिला को प्रसव पीड़ा होने पर इलाज के लिए लाया गया था। जांच में पता चला कि गर्भ में शिशु अभी पूरी तरह से विकसित नहीं हो पाया है। शिशु को पूरी तरह से विकसित होने में करीब 20 दिन का वक्त बाकी है। इस लिहाज से महिला की सेहत को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे एसआरएन रेफर किया गया।