सत्यापन के लिए लगाई गईं 40 टीमें
उधर अतीक व उसके गुर्गों पर कार्रवाई के क्रम में ही सोमवार को कुल 40 टीमें लगाई गईं। प्रत्येक थानों पर गठित दो सदस्यीय निगरानी दस्ते को अतीक गैंग के सदस्यों के भौतिक सत्यापन में लगाया गया। इन टीमों को यह जिम्मेदारी दी गई है कि वह अतीक के गुर्गों के पते पर जाकर उनकी मौजूदा गतिविधियों, आय के स्रोत के संबंध में जानकारी जुटाएं।
निगरानी दस्तों की ओर से जुटाई गई जानकारियों के संबंध में क्षेत्राधिकारी व एसओ रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को प्रेषित करेंगे। इसके बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सुभाष चौराहे से सभी 40 टीमों को रवाना करने से पहले निगरानी दस्ता के 80 पुलिसकर्मियों के साथ एसएसपी अजय कुमार, एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह समेत तमाम अफसरों ने बैठक भी की। साथ ही दिशा-निर्देश भी दिए।
भूमाफिया के करीबियों पर भी कसेगा शिकंजा, पीडीए तैयार कर रही सूची
शहर में अवैध रूप से कब्जा करके प्लाटिंग करने वाले भूमाफिया के खिलाफ पीडीए की तरफ से लगातार कार्रवाई हो रही है। पीडीए अब इन भूमाफिया के करीबियों पर भी शिकंजा कसने जा रहा है। इसके लिए पीडीए में इनकी सूची तैयार की जा रही है। शासन के निर्देश पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने अभियान चलाकर झलवा, कालिंदीपुरम, पीपलगांव, फाफामऊ, झूंसी और नैनी में पिछले दिनों में कई बड़ी कार्रवाई की।
इस दौरान पता चला कि भू माफिया के करीबी भी अवैध प्लाटिंग में लिप्त हैं। ऐसेे में पीडीए की नजर अब उन पर है। पीडीए सचिव अजीत कुमार सिंह के मुताबिक इनकी सूची तैयार होने के बाद विशेष अभियान चलाकर भूमाफिया के करीबियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर सीडीए पेंशन के पीछे द्रोपदी घाट के पास क्षेत्र में भी कई अवैध निर्माण पर पीडीए कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। इसमें क्षेत्र में बना एक फार्म हाउस भी है। इस पर भी पीडीए जल्द कार्रवाई कर सकता है।