अरैल ग्राम सभा के सच्चा बाबा नगर में मंगलवार भोर में तीर्थ पुरोहित किशन तिवारी उर्फ किशन पंडा का शव घर के बाहर पेड़ से लटकता मिला। किशन ने देर रात एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। उसने साफ कहा था कि ‘यह मेरा आखिरी वीडियो है। किशन के हाथ में एक मोबाइल नंबर भी लिखा मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सच्चा बाबा नगर के रहने वाले किशन तिवारी उर्फ किशन पंडा (25) का शव मंगलवार की सुबह घर के बाहर पेड़ से लटकता मिला था। घर वालों ने देखा तो कोहराम मच गया। देखते ही देखते वहां गांव वालों की भीड़ जुुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशन के हाथ में एक मोबाइल नंबर लिखा था। आत्महत्या की वजह उस नंबर से जोड़ा जा रहा है। इसी दौरान पता चला कि किशन ने देर रात एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इसमें वह काफी खुुश होने के साथ यह कह रहा था कि यह उसका आखिरी वीडियो है।
साथ ही अपने समाज के लोगों की मदद करने की बात कही है। मामले में प्रभारी निरीक्षक सुनील बाजपेयी ने बताया पूछताछ के दौरान पता चला के युवक नशा करता था। वीडियो की बारे में अधिक जानकारी नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। हालांकि परिजनों ने किसी पर कोई संदेह नहीं किया है। मोबाइल नंबर के बारे में इंस्पेक्टर ने बताया कि हाथ में एक नंबर था लेकिन उसमें एक डिजिट कम है। उसकी भी जांच की जा रही है।
हत्या के आरोप में जा चुका था जेल
मृतक किशन तिवारी हत्या के मामले में जेल जा चुका है और इन दिनों जमानत पर था। 2014 में लेबर कालोनी में रहने वाले एक शिक्षक की हत्या कर दी गई थी। किशन हत्या में जेल गया था। दो साल पहले वह जमानत पर छूटकर आया था। बताया जाता है कि शिक्षक को प्रेम प्रसंग में मार दिया गया था।
मोबाइल पर भी बनाया था एक वीडियो
अरैल सच्चा बाबा नगर निवासी अनिल तिवारी के दो पुत्रों में छोटे किशन तिवारी उर्फ किशन पंडा ने एक और वीडियो अपने मोबाइल पर बनाया था। उस वीडियो में वह आत्महत्या का कारण एक शख्स को बता रहा है। इस वीडियो में उसने किसी का नाम नहीं लिया है। इस वीडियो में उसने हत्या का जिक्र करते हुए जेल जाने की भी बात कही है। हालांकि पुलिस मोबाइल को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच पड़ताल कर रही है।