कोरोना को हराने के जज्बे के साथ घरों में ही रहे लोग
प्रयागराज में कोरोना संक्रमण की तेज होती रफ्तार के कारण पकी गई बंदी को स्थानीय लोगों ने गंभीरता से लिया। शनिवार की तरह रविवार को भी लोग सुबह से रात तक अपने घरों में ही रहे। कोरोना को हराने के जज्बे के साथ शहरियों ने गलियों, बाजारों और सड़क आदि पर कदम नहीं रखा। समस्या सिर्फ उन लोगों के सामने आई जिन्होंने जानकारी होने के बावजूद भी अपने घर में जरूरत भर की सब्जी, दूध आदि का इंतजाम नहीं किया। हालांकि कुछ मोहल्लों की गलियों में पैकेट दूध आदि मिल जाने की वजह से ऐसे लोगों को ज्यादा समस्या नहीं आई।
बड़े बाजारों में खुलीं सिर्फ दवा की ही दुकानें
शुक्रवार तक शहर के जिल बड़े बाजारों में चहल पहल दिखाई दे रही थी वह बीते दो दिन से सुनसान नजर आए। सिविल लाइंस, कटरा, चौक, कोठापार्चा, रोशन बाग, नखास कोहना, अल्लापुर, सोहबतियाबाग, नूर उल्लाह रोड, करेली, तेलियरगंज, धूमनगंज, प्रीतम नगर आदि इलाकों ने शनिवार की तरह रविवार को न ही दुकानें खुली और न ही कोई बेवजह घूमता नजर आया।
इन इलाकों में दवा की दुकानें जरूर खुली। सुबह के समय कुछ मोहल्लों में जनरल एवं किराना स्टोर की दुकानें जरूर खुली। आजाद नगर में जनरल स्टोर चलाने वाले दीपक केसरवानी ने बताया कि दो दिन की बंदी की वजह से अधिकांश लोगों ने जरूरत भर का सामान पहले ही खरीद लिया था। इस वजह से बीते दो दिन में दौरान पैकेट वाला दूध और ब्रेड के ही ज्यादा खरीदार आए।
पुलिस ने बंद करवा दीं गलियों की दुकान
बंदी के दूसरे दिन रविवार को पुलिस ज्यादा सख्त नजर आई। कटरा क्षेत्र की गलियों में खुली कुछ दुकानों को पुलिस ने रविवार को बंद करवा दिया। ऊंचवागढ़ी, म्योराबाद, रामबाग, कृष्णा नगर, बेनीगंज, भावापुर, कालिंदीपुरम, मोहित्समगंज, शहराराबाग, गुड़मंडी आदि इलाकों में पुलिस ने आवश्यक सामग्री की दुकानें नहीं खुलने दी। राजापुर में भी सख्ती रही। यहां के एक दुकानदार ने बताया कि पुलिस ने दुकान बंद करवाने के साथ कहा कि अगर आज दुकान फिर खोली तो केस दर्ज कर लिया जाएगा।
सब्जी न मिलने से शहरियों को हुई परेशानी
कोरोना की वजह से लगे लॉक डाउन में लोगों को सब्जियां आसानी से मिल जा रही थी, लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा की गई 55 घंटे की बंदी में लोगों को सब्जियों के लिए खासी परेशानी हुई। कुछ मोहल्लों को छोड़ दिया जाए तो शहर के अधिकांश मोहल्लों में ठेले में सब्जी बेचने वाले विक्रेताओं के ना आने से दिक्कत हुई।
नगर निगम स्कूल के पास साउथ मलाका की रुचि छावड़ा ने बताया कि दो दिन से सब्जी वाला नहीं आया। इसी तरह राजरूपपुर की संध्या श्रीवास्तव ने कहा कि बंदी के दौरान सब्जी विक्रेताओं को छूट देनी चाहिए। करेली के प्रहलाद श्रीवास्तव ने भी कहा कि जिला प्रशासन को चाहिए कि अगर अगले सप्ताह भी इस तरह की बंदी हो तो सब्जी और बाहर से आने वाले दूधियों को छूट दी जाए।