शासन के निर्देश पर शनिवार और रविवार को सभी तरह के कार्यालय बंद रखने का आदेश दिया गया है। हालांकि, महीने का द्वितीय शनिवार होने की वजह से इन दोनों दिन सरकारी कार्यालय, बैंक आदि संस्थानों में अवकाश रहेगा।
इसके अलावा मंडी, बाजार, साप्ताहिक बाजार आदि बंद रहेंगे। वहीं दूध, बे्रड, राशन, दवा की दुकानें समेत आवश्यक वस्तुओं वाले प्रतिष्ठान खुले रहेंगे लेकिन इन पर भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित करना होगा। नैनी समेत ग्रामीण क्षेत्र में लगे उद्योग चालू रहेंगे। हालांकि, आटो, ई-रिक्शा या अन्य सार्वजनिक वाहनों से आने-जाने वाले कर्मचारियों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।
पाबंदी को सख्ती से लागू करने तथा बेवजह लोग घरों से न निकलें इस सुनिश्चित करने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग के अलावा जिला स्तरीय अफसरों की जिम्मेदारी भी तय की गई है। इस बार संपर्क मार्गों पर भी सख्त निगरानी के दावे किए जा रहे हैं। एडीएम सिटी अशोक कुमार कनौजिया का कहना है कि शासन के निर्देशों का पूरी तरह से पालन कराया जाएगा। इसकेलिए तैयारी करने के साथ सभी की ड्यूटी भी लगाई गई है।
बंद रहेगा आजाद पार्क
चंद्रशेखर आजाद पार्क समेत अन्य उद्यान शनिवार और रविवार को बंद रहेंगे। अधीक्षक डॉ.सीमा राणा ने बताया कि शासन के निर्देश के क्रम में आजाद पार्क बंद रहेगा। प्रशासनिक अफसरों का कहना है कि लोगों को आश्वयक सेवाओं के लिए निकलने की अनुमति होगी। ऐसे में पार्क, मंदिर आदि स्थानों पर जाने पर रोक है।