नगर पंचायत में एसआईआर के दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृतक मतदाताओं की सूची मंगलवार को चस्पा की गई। सूची में 3500 मतदाताओं के नाम हैं। वहीं, लोग अपने नाम की जांच के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे।
पर्यवेक्षक विनय कुमार ने बताया कि जिन लोगों के नाम सूची में विलुप्त हैं, उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है। वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराकर दोबारा अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कई लोगों के नाम एक ही व्यक्ति के रूप में अलग-अलग भाग संख्या में दर्ज थे। उनके नाम हट जाएंगे। एईआरओ बारा प्रेरणा गौतम ने लोगों से अपील की कि वे समय पर दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि आगामी चुनाव में उनका मतदान अधिकार सुरक्षित रह सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय से जानकारी न मिलने पर कई बार लोग मतदान के अधिकार से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में सूची चस्पा करने का कदम सराहनीय है।