हिन्दी और अंग्रेजी की युवा साहित्यकार लीमा धर अब हिन्दी विश्वकोष (विकिपीडिया)- मुक्त ज्ञानकोष में भी शामिल हो गई है। उसके बारे में विकिपीडिया पर लिखा है- सिर्फ तेरह बरस की उम्र में काव्य संग्रह ‘कुछ लफ्ज़ नक़ाब’ में लिखकर हिन्दी भाषा साहित्य की सबसे कम उम्र की कवयित्री बनी लीमा ने 16 वर्ष 11 माह की उम्र में अंग्रेजी में काव्य संग्रह ‘फॉर द हंड्रेड टुमारोज़’ लिखकर दो भाषाओं में लिखने वाली सबसे कम उम्र की कवयित्री बनने का भी रिकार्ड बनाया है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में एमए की छात्रा लीमा ने सिर्फ साढ़े उन्नीस बरस की उम्र में तीन उपन्यास लिखकर लेखकों की श्रेणी में अपना विशिष्ट स्थान बनाया। अब तक लीमा सात किताबें लिख चुकी हैं; जिनमें पांच उपन्यास शामिल हैं। इस उपलब्धि पर उत्साहित लीमा कहती हैं, यह मुकाम मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि जिन महान रचनाकारों के साथ मेरी जीवनी हिंदी विश्वकोश में शामिल की गई है, शायद इस जन्म में मैं उनके पैरों की धूल के बराबर भी न बन सकूं। खुशी मिलती है, जब मेरे साथ मेरे शहर तथा राज्य के लिए मेरे योगदान की सराहना की जाती है।
अपने पांचवें उपन्यास ‘द कमिटेड सिन’ के बारे में लीमा ने कहा, इसमें मैंने पहली बार अंग्रेजी में थ्रिलर लिखा है, जिसे पाठकों ने सराहा है। मेरे पिछले चारों उपन्यासों की तरह इसके केंद्रीय चरित्र में भी एक लड़की है, जो शिल्पांचल, आसनसोल से आती है। कोलकाता की महानगरीय जिंदगी पर केंद्रित उपन्यास में दर्शाया गया है कि एक दूसरे के करीब होते हुए भी कैसे परिवार के सदस्यों के बीच फासला हो जाता है। सुखद यह कि अमेरिका, कनाडा और यूके के बाद भारत में तकरीबन दो सप्ताह पूर्व मुंबई में लांच यह उपन्यास सभी बुकस्टोर में उपलब्ध और पाठकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है।