सरायइनायत थाना क्षेत्र के हनुमानगंज बाजार में बृहस्पतिवार की रात ट्रक में लोड सीएनजी सिलिंडरों से गैस लीक होने से भगदड़ मच गई। गैस की गंध से लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर थाने ले गई।
बृहस्पतिवार को रात तकरीबन 8.30 बजे प्रयागराज से एक ट्रक में सीएनजी गैस भरा सिलिंडर लोड कर बनारस की ओर जा रहा था। हनुमानगंज बाजार में बहादुरपुर ब्लॉक के पास पहुंचते ही सिलिंडर से गैस लीक होने लगी। लीकेज होते ही चालक ट्रक से कूदकर भाग गया। देखते ही देखते तेजी से लीक हो रही गैस बाजार में काफी दूर तक फैल गई। गैस की गंध से बाजारवासियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी तो लोग खतरा भांप इधर उधर भागने लगे। सिलिंडरों में गैस समाप्त होने के बाद पुलिस पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर थाने ले गई। बाजारवासी काफी देर तक गैस की गंध से परेशान रहे।