डॉ. सोनेलाल पटेल के सपने को साकार करने के लिए कुर्मी समाज का एकजुट होना जरूरी है। अत्याचार के खिलाफ बड़ी लड़ाई लड़नी होगी। अगर हम चुप बैठे रहेंगे तो लोग अत्याचार करते रहेंगे। गुजरात इसका उदाहरण है। इसलिए उत्तर प्रदेश में आपको तय करना है कि अत्याचार सहन करेंगे या उसके खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे।
उक्त बातें रविवार को सहसों के पास लाला बाजार में अपना दल की ओर से डॉ. सोनेलाल पटेल के 68वें जन्मदिन पर आयोजित पटेल दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पटेल नव निर्माण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने कहीं। उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता में आने पर इस सरकार नेे दावा किया था कि कानून व्यवस्था में सुधार होगा, महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस करेंगी, प्रदेश में कानून का राज होगा। मगर आज प्रदेश का माहौल क्या है यह किसी से भी छुपा नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि समाज के हक की आवाज बुलंद करने पर मुझे जेल भेजने के साथ ही प्रदेश से छह माह के लिए बाहर कर दिया गया। मगर मोदी से वह डरने वाले नहीं हैं। गुजरात में होने वाले चुनाव में इन्हें करारी शिकस्त देने के बाद दो माह के लिए उत्तर प्रदेश आकर समाज के लोगों को संगठित करने का काम करेंगे। सवाल उठाया कि केंद्र व प्रदेश की सरकारों ने हमें क्या दिया है। 40 विधायक होते हुए भी एक को भी प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। बिना नाम लिए अनुप्रिया पटेल गुट पर तंज कसते हुए कहा कि किसी एक को अगर मिला भी है तो वह उनका पिछलग्गू बना है ।
कुर्मी बिरादरी के लोगों में जोश भरते हुए हार्दिक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हमारी संख्या भले ही 11 प्रतिशत हो लेकिन पूरे देश में हम 27 करोड़ से अधिक हैं। इसलिए हमें एक होकर अपने हक की लड़ाई लड़नी है। मौजूदा सरकार मेक इन इंडिया की बात करती है लेकिन गंगा की सफाई के लिए जापान की एक कम्पनी को टेंडर दिया है। यह हमें गुमराह करके अपनी रोटी सेकते हैं। हम सभी को एक विचारधारा पर चलना होगा तब जाकर हम कुछ हासिल कर पाएंगे।
विशिष्ट अतिथि एवं पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पल्लवी पटेल ने कहा कि अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल अपने जीवन काल में तमाम सुख सुविधाओं को छोड़कर समाज को संवारने में लगे रहे। उन्होंने समाज के सभी लोगों को एक धागे में पिरोने का काम किया था। हमारे पास सब कुछ होते हुए भी हम दूसरों पर आश्रित हैं। हम सभी को एक नेता और एक बैनर तले अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। तभी हमारा समाज आगे बढ़ेगा और हमारी पहचान बनेगी। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने डॉ. सोनेलाल पटेल के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए कहा कि यह उनकी कर्मभूमि है। आज हमारे बीच भले ही डॉ. सोनेलाल पटेल नहीं हैं लेकिन उनकी विचारधारा हमारे साथ है। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष छोटे लाल मौर्य व संचालन शकील आरफी ने किया। इस मौके पर रामकिशुन पटेल, पंकज सिंह पटेल, दिलीप पटेल, राम प्रताप पासी, मानिकचन्द्र पटेल, डॉ. कैलाशनाथ, शिव कुमार पटेल, बिन्दू मौर्या, राजेश पटेल, डीके शर्मा, राजेंद्र पटेल, राजदेव पटेल, दयाराम पटेल, प्रेमचन्द्र मौर्य, सर्वजीत पटेल आदि मौजूद रहे।