पहले शाही स्नान के बाद सोमवार को पौष पूर्णिमा पर दूसरा स्नान संपन्न हुआ। 24 जनवरी को कुंभ मेला क्षेत्र में तीन हजार से ज्यादा प्रवासी भारतीय पहुंचे। कुंभ मेला विधिवत रूप से अपनी एक माह की धार्मिक यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। इसी के साथ मेला क्षेत्र में बड़े धार्मिक आयोजन भी किए जा रहे हैं। हर तरफ मानवता, सेवा और संस्कार की सीख लेने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
कहीं रामकथा तो कहीं लीलाओं का मंचन हो रहा है। संगम तीरे से लेकर शिविरों तक सांस्कृतिक-आध्यात्मिक गरिमा की गूंज सुनाई दे रही है। कुंभ में 29 जनवरी को एक और इतिहास रचा गया। पहली बार लखनऊ से बाहर कुंभनगरी में आयोजित की गई प्रदेश कैबिनेट की पहली बैठक में दुनिया के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे को मंजूरी दी गई। गुरुवार को कुंभ मेले में विहिप की धर्मसंसद में दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास किए गए तो धर्मसंसद के आखिरी दिन शुक्रवार को राम मंदिर निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। मोहन भागवत ने मोदी सरकार को छह माह का समय दिया।
आज महाकुंभ का 20वां दिन है और ये हैं आज कुंभ नगर में होने वाले विशेष आयोजन:-
1- अक्षयवट मंच के सेक्टर 4 पर उत्तरांचल के लोक नृत्य हनुमंत बुटेला, कालबेलिया सुश्री गुलाबो, रघुवीरा लोक प्रस्तुति मालिनी अवस्थी का सांस्कृतिक प्रोग्राम 5.30 से 9.30 बजे।
2- ऋषि भारद्वाज मंच के सेक्टर 6 पर हरियाणवी लोक नृत्य शीशपाल ,दालखाई एवं बजनिया नृत्य श्रीकांत दास, उपशास्त्रीय गायन डा. रेवती साकलकर, उपशास्त्रीय गायन राजन साजन की प्रस्तुति।
3- यमुना मंच सेक्टर 17 में लोकनृत्य सपना सिंह, भजन अंजनी कुमार मिश्रा, होजागिरी नृत्य सोनाचरन देब वर्मा, मांगणिहार व लंका गायन फकीरा खान की प्रस्तुति।
4- सरस्वमी मंच सेक्टर 13 में जो चाहो उजियार अंशु टंडन की प्रस्तुति।
5- सेक्टर 14 में प्रभु प्रेमी संघ शिविर में योग ऋषि स्वामी रामदेव की भजन संध्या शाम को।
6- विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट दिल्ली में श्रीकृष्ण कथा हर्षवर्धन मार्ग पर 2.30 बजे से।
7- श्री श्री गुरु रविशंकर सुबह नौ प्रभु प्रेमी संघ शिविर में सुबह नौ बजे योगाभ्यास कराएंगे।