धर्म संसद में मंदिर मुद्दे को लेकर पारित प्रस्ताव को घर-घर का मुद्दा बनाने और चुनावी माहौल को भगवा रंग देने में विश्व हिंदू परिषद जुट गया है। मंदिर और चुनाव को एक साथ लेकर किस तरह से लोगों के बीच पहुंंचना है, इसके लिए सात और आठ फरवरी को विहिप कार्यकर्ताओं का फिर से कुंभ क्षेत्र में जमावड़ा हो रहा है।
चौंकाने वाली बात यह है कि संघ और विहिप की अभी तक की कवायद में सबसे ज्यादा फोकस पूर्वी उत्तर प्रदेश पर किया जा रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह सपा-बसपा का गठबंधन है जिसे भाजपा और उससे जुड़े सभी हिंदू संगठन अंदर से हल्के में बिल्कुल नहीं ले रहे है। ऊपर से यह जरूर कहा जा रहा है कि इस गठबंधन का कोई असर नहीं पड़ेगा।
कुंभ क्षेत्र में होने वाले दो दिनों के कार्यकर्ता सम्मेलन में बुंदेलखंड से लेकर गोरखपुर के गांव-गांव से विहिप कार्यकर्ताओं की टीम यहां पहुंचने वाली है। बताया जा रहा है कि पूर्वी क्षेत्र के चारों प्रांतों से जुड़े विहिप कार्यकर्ताओं की टीम बनाई जाएगी। गांव-गांव और घर-घर की जिम्मेदारियां भी बांटी जाएंगी।