मौनी अमावस्या स्नान पर्व को देखते हुए शुक्रवार रात आठ बजे ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया जाएगा। इसके तहत सभी भारी कर्मिशयल वाहनों को छह फरवरी तक जनपद में प्रवेश नहीं मिल सकेगा वहीं , छोटे वाहनों के लिए दो फरवरी शाम छह बजे से प्रतिबंध लागू होंगे। उसके बाद शहर के भीतर कोई भी बाहरी चार पहिया वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा।
इन्हें शहर के बाहर बने पार्किंग स्थलों पर पार्क कराया जाएगा। इसके बाद तीन फरवरी दोपहर चार बजे के बाद से बाहरी दुपहिया वाहनों का भी शहर में प्रवेश निषेध कर दिया जाएगा हालांकि इससे यूपी-70 नंबर की गाडिय़ों एवं आपात सेवाओं से जुड़े वाहनों को अलग रखा गया है। एसएसपी के मुताबिक यह प्रतिबंध छह फरवरी तक के लिए लागू किया गया है।
मौनी अमावस्या पर करीब चार करोड़ स्नार्थियों के आने की उम्मीद है। इसको देखते हुए ट्रैफिक पुलिस अपनी तैयारियों में जुट गई हैं। व्यवस्था से जुड़े पुलिस अधिकारियों के मुताबिक एक स्थान पर भीड़ के दबाव को रोकने के लिए रूटवार सेक्टर बांटे गए हैं। जौनपुर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को उत्तरी झूंसी के सेक्टर 14, 13, 12, 11 की ओर से स्नान के लिए भेजा जाएगा।
बनारस की तरफ से आने वाले श्रद्धालुओं को सेक्टर 16, 17 की ओर भेजा जाएगा। लखनऊ-प्रतापगढ़, अयोध्या की ओर से आने वालों को सेक्टर-7 एवं 6 की ओर भेजा जाएगा। कानपुर की तरफ से आने वाले श्रद्धालुओं सेक्टर-3 एवं 4 की ओर भेजे जाएंगे। स्नान पर्व के करीब आने पर पुलिस अधिकारी गुरूवार देर-रात तक बैठक करके ट्रैफिक रूट को अंतिम रूप देने की कवायद में जुटे रहे।
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
ट्रैफिक प्लान में भारी वाहनों को राजमार्गों के जरिए आगे भेजने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए प्रयागराज से जुड़े सभी राजमार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। कानपुर से वाराणसी की ओर जाने वाले वाहन फतेहपुर से रायबरेली होते हुए आगे भेजे जाएंगे। कौशांबी से प्रयागराज होकर निकलने वाले वाहन कोखराज से डायवर्ट कर दिए जाएंगे। कानपुर की तरह से आने वाले वाहनों को फतेहपुर से बिंदकी होकर आगे भेजा जाएगा। लखनऊ की तरफ जाने वाले वाहनों को चित्रकूट व नारीबारी के रास्ते आगे भेजा जाएगा।
शहरियों को भी खूब चलना पड़ेगा पैदल
शहरियों को भी कुंभ क्षेत्र से करीब तीन किलोमीटर दूर ही अपना वाहन छोड़ देना होगा। जवाहर लाल नेहरू रोड की ओर से जाने वाले वाहन सवारों को बालसन चौराहे से आगे जाने नहीं दिया जाएगा। उनके लिए विश्वविद्यालय फुटबाल ग्रांउड, कर्नलगंज इंटर कॉलेज में पार्किंग बनाई गई है। इसी तरह महात्मा गांधी मार्ग से जाने वाले लोगों को सीएमपी डॉटपुल से आगे वाहन से जाने नहीं मिलेगा।
उनके लिए सीएमपी, जीआईसी, सीएवी में पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। पुलिस ने तीन से चार फरवरी के बीच पुराने शहर एवं एमजी मार्ग पर ई-रिक्शा संचालन पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही उसने लोगों से दो से चार के बीच वाहनों के अधिक इस्तेमाल न करने की भी अपील की है। इसी तरह तीन एवं चार फरवरी को सिविल लाइंस साईट से रेलवे स्टेशन पर प्रवेश नहीं होगा। रेल यात्री सिर्फ सिटी साईड से ही स्टेशन में प्रवेश कर सकेंगे।
बंद रहेगी सिविल लाइंस एवं चौक की दुकानें
अमावस्या के दिन भीड़ सड़कों पर अधिक न रहे इसलिए सिविल लाइंस, चौक एवं जानसेनगंज की बाजार को भी बंद रखा जाएगा। पुलिस-प्रशासन की ओर से इस संबंध में व्यापारियों को भी अवगत कराया गया है।
यहां खड़े होंगे बाहर से आने वाले वाहन
- वाराणसी मार्ग से आने वाले छोटे वाहनों को झूंसी से आगे कटका तिराहा से आगे आने नहीं दिया जाएगा। इन वाहनों को चीनी मिल, पूरे सूरदास, महुआबाग, एचआरआई, पटेल चौराहा के पास बने पार्किंग स्थल पर पार्क किए जाएंगे।
-लखनऊ- प्रतापगढ़ रोड से आने वाले छोटे चार पहिया वाहन गंगेश्वर महादेव में खड़े होंगे जबकि बड़े वाहन बेला कछार में खड़े कराए जाएंगे।
-कानपुर रोड से आने वाले छोटे वाहन केपी कॉलेज, बड़े वाहन नेहरू पार्क सैन्य भूमि, सूबेदारागंज सैन्य भूमि में खड़े होंगे
-रींवा मार्ग से आने वाले छोट वाहन इंदलपुर, एग्रीकलचर कृषि भूमि, नवप्रयागम् में पार्क किए जाएंगे, बड़े वाहन धनुहा, एफसीआई पार्किंग में खड़े होंगे।
-जौनपुर की तरह से आने वाले छोटे वाहन गारापुर तिराहा, बड़ी चीनी मिल, समयामाई मंदिर के पास पार्क कराए जाएंगो। बड़े वाहन प्रयाग ढावा, हरिनाथ पार्किंग में खड़े होंगे।
-मीराजापुर रोड से आने वाले छोटे वाहन अपरहार, लघु उद्योग पार्किंग में खड़े होंगे। बड़े वाहन को सरस्वती हाईटेक सिटी मं पार्क किया जाएगा।
स्नान के दौरान होने वाली भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। श्रद्धालुओं को कम से कम परेशानी हो इसके लिए कोशिश की गई है।- नितिन तिवारी, एसएसपी, प्रयागराज