मौनी अमावस्या पर शहर के भीतर भी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक दो फरवरी शाम छह बजे से मेला की ओर जाने वाले किसी भी रास्ते पर कोई चार पहिया वाहन जाने नहीं दिया जाएगा। भीतरी इलाके में भी आवश्यकता न होने पर चार पहिया वाहनों के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी गई है। इसी तरह रविवार आधी रात से शहरी क्षेत्र में दुपहिया वाहन भी नहीं चल सकेंगे। सोमवार दोपहर चार बजे तक इनके चलने पर मनाही रहेगी हालांकि एसपी ट्रैफिक का कहना है कि जरूरत के मुताबिक भीतरी इलाके में ही वाहनों का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
शास्त्री ब्रिज, नए यमुना ब्रिज, चंद्रशेखर आजाद ब्रिज पर नहीं चलेंगे वाहन
शहर को जोड़ने वाले तीनों पुलों पर तीन और चार फरवरी को वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तीन फरवरी से शास्त्री ब्रिज, नए यमुना पुल एवं आजाद ब्रिज पर वाहन नहीं चलेंगे। चंद्रशेखर आजाद ब्रिज के रास्ते तीन फरवरी की सुबह छह बजे तक सिर्फ यूपी-70 रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों को ही आने दिया जाएगा। पुराने यमुना पुल तीन फरवरी को वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध नहीं होगा लेकिन चार को यह भी बंद कर दिया जाएगा हालांकि इसे सिर्फ वीआईपी वाहन एवं आकस्मिक सेवाओं के वाहनों के लिए ही खोला जाएगा।
रूटवार बनाए गए हैं स्नान घाट
स्नान घाटों पर भीड़ का दबाव कम रखने के लिए विभिन्न दिशाओं के मुताबिक स्नान घाट भी पुलिस ने तय किए हैं। जौनपुर की तरह से आने वाले श्रद्घालुओं के लिए उत्तरी झूंसी के सेक्टर 5, 13, 14 एवं 15 में स्नान घाट तैयार कराए गए हैं। वाराणसी से आने वाले श्रद्घालुओं के लिए दक्षिणी झूंसी के सेक्टर 17, 16 में स्नान घाट तय किए गए हैं। कानपुर से आने वालों को सेक्टर छह एवं सात की ओर भेजा जाएगा। यहां भीड़ बढ़ने पर वाहन कोखराज से ही डायवर्ट करके सहसों बाईपास होते हुए पूरे सूरदास की ओर भेज दिए जाएंगे। मिर्जापुर, रींवा आदि रास्तों से आने वालों को अरैल की ओर भेज दिया जाएगा।
प्रतिबंधित रहेंगे ई-रिक्शा
ट्रैफिक पुलिस ने ई-रिक्शा संचालन भी पूरी तरह प्रतिबंधित कर रखा है। कुंभ क्षेत्र के भीतर किसी ई-रिक्शा को तीन की अर्धरात्रि से प्रवेश नहीं मिलेगा। तीन से चार फरवरी के बीच पुराने शहरी इलाके एवं एमजी मार्ग, जवाहर लाल नेहरू रोड पर इनका संचालन प्रतिबंधित किया गया है।