जवाहर पंडित हत्याकांड में अदालत ने पूर्व सांसद कपिन मुनि करवरिया, एमएलसी सूरजभान करवरिया और रामचंद्र उर्फ कल्लू को आत्मसमर्पण करने का अंतिम मौका दिया है। यदि मंगलवार को दोनों सरेंडर नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध गैरजमानती वारंट जारी किया जाएगा।
करवरिया के वकील शीतला प्रसाद मिश्र ने सोमवार को न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर एक और मोहलत की मांग की। बताया कि अभियुक्तगण शनिवार को सरेंडर करना चाहते थे मगर भूकंप आने के कारण वकीलों ने कामकाज बंद कर दिया, जिसकी वजह से वह सरेंडर नहीं कर सके। अदालत ने मंगलवार को सरेंडर करने का मौका दिया है। उल्लेखनीय है कि जवाहर पंडित हत्याकांड में करवरिया बंधुओं के खिलाफ हाईकोर्ट द्वारा ट्रायल पर लगाई गई रोक उठा ली गई थी। हाईकोर्ट ने उनको आठ दिन के भीतर अधीनस्थ न्यायालय में सरेंडर करने का आदेश दिया था। मुकदमे का ट्रायल आठ माह में पूरा करना है।