केपी ट्रस्ट के बीस कार्यकारिणी सदस्य गुरुवार को भारी गहमागहमी के बीच चुन लिए गए। अंतिम चरण की गणना के बाद देर रात परिणाम जारी किए गए। परिणाम आते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थक खुशी में झूम उठे और फूल-माआओं से विजयी उम्मीदवारों को लाद दिया। विजयी उम्मीदवारों के पक्ष में समर्थकों ने जमकर नारेबाजी भी की।
केपी कॉलेज परिसर स्थित मतगणना स्थल पर सुबह चुनाव अधिकारी रिटायर्ड डीआईजी पीके सक्सेना की मौजूदगी में मतों की गिनती आरंभ हुई। करीब साठ उम्मीदवारों के चुनावी मैदान में होने के नाते मतगणना स्थल पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे। वहां कई थानों के पुलिस बल एवं पीएसी के जवान तैनात किए गए थे। मतगणना की शुरुआत काफी धीमी रही।
विभिन्न राउंड की गिनती के बाद बीस निर्वाचित सदस्यों के नाम करीब रात साढ़े नौ बजे घोषित हुए। परिणाम घोषित होते ही विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों के चेहरे खुशी से चमक उठे। अपने उम्मीदवार के समर्थन में उन्होंने जमकर नारे लगाए और जीत की खुशी में एक दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। विजयी उम्मीदवारों ने कॉलेज परिसर स्थित मुंशी काली प्रसाद की प्रतिमा पर पहुंचकर माल्यार्पण किया।