इलाहाबाद (ब्यूरो)। प्रयाग चेतना समिति की ओर से रविवार को केपी ग्राउंड में प्रयाग महोत्सव शुरू हुआ। महोत्सव का उद्घाटन बेसिक शिक्षा मंत्री राम गोविंद चौधरी ने किया। कहा की प्रयाग का नाम आते ही मन पवित्र हो जाता है। प्रयाग महोत्सव की जो शुरुआत हुई है वह बंद नहीं होना चाहिए। सरकार की ओर से हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने शंकराचार्यों के बीच हो रहे वॉकयुद्ध पर निराशा जताई। प्रयाग में शहीद वॉल बनाकर शहीदों को सम्मान देने का प्रयास अच्छा है।
महोत्सव में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गिरी, सपा जिलाध्यक्ष कृष्ण मूर्ति यादव, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष हेमंत टुन्नू और साधना सदन के प्रमुख फादर लियो ने विचार व्यक्त किए। मीडिया प्रभारी कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि महोत्सव 26 मई तक चलेगा। महोत्सव में होम अपलाइंसेज, हस्तकला समेत विभिन्न सामानों के स्टाल लगाए गए हैं। महोत्सव में प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। बताया कि 13 मई को मशहूर गायक अलताफ रजा अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का संचालन उमापति राही ने किया। इस दौरान मोहम्मद शाहिद, कुलदीप कुमार, पीएन द्विवेदी, महेश गुप्ता, डॉ. एके बंसल, विनोद कुमार, अंकित कनौजिया, विनोद पांडेय, प्रिया श्रीवास्तव समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।