-विज्ञान वर्ग के छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की फेलोशिप
प्रयागराज। ग्यारहवीं, बारहवीं एवं बीएससी प्रथम वर्ष में पढ़ रहे विद्यार्थी जो आगे विज्ञान लेकर पढ़ाई करना चाह रहे हैं, उनके लिए किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना के तहत छात्रवृत्ति के लिए आवेदन मांगे गए हैं। ग्यारहवीं और बारहवीं में पढ़ रहे विद्यार्थी पांच अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना एप्टीट्यूड टेस्ट 2020 का आयोजन 31 जनवरी 2021 को होगा।
परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जनवरी के दूसरे सप्ताह तक जारी किए जाएंगे। इस संबंध में छात्र केवीपीवाई-2020 की बेबसाइट पर जाकर अधिक जानकारी ले सकते हैं। कोविड-19 के चलते केवीपीवाई छात्रवृत्ति की चयन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। शैक्षिक वर्ष 2020-21 के लिए केवीपीवाई छात्रवृत्ति परीक्षा मात्र एक ही चरण में होगी। इस वर्ष फेलोशिप के लिए चयन केवीपीवाई एप्टीट्यूड टेस्ट के अंकों के आधार पर किया जाएगा। दूसरे चरण में होने वाला पर्सनल इंटरव्यू इस वर्ष नहीं होगा।
दसवीं में विज्ञान-गणित में 75 फीसदी अंक आवश्यक
- केवीपीवाई फेलोशिप के लिए एसए और एसएक्स स्ट्रीम के तहत केवीपीवाई एप्टीट्यूड टेस्ट-2020 में भाग लेने के लिए छात्र-छात्राओं को दसवीं में विज्ञान-गणित में कम से कम 75 फीसदी अंक होना अनिवार्य है। एससी-एसटी, पीडब्ल्यूडी छात्रों के लिए पात्रता में 10 फीसदी अंकों की छूट दी गई है। इनके लिए दसवीं में 65 फीसदी अंक होना चाहिए।
केवीपीवाई के लिए ऑनलाइन करें आवेदन
केवीपीवाई फेलोशिप के लिए छात्र-छात्राएं ऑफिशियल बेबसाइट http:www.kvpy.iisc.ernet.in से ही ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सामान्य वर्ग के लिए ऑनलाइन आवेदन की फीस 1250 रुपये और एससी-एसटी, पीडब्ल्यूडी छात्रों के लिए 650 रुपये फीस रखी गई है।