इलाहाबाद। अगवा युवती के भाई को मोबाइल पर फोनकर अपहरणकर्ताओं ने फिरौती मांगी। बदमाशों ने धमकी दी कि एक घंटे के अंदर एजी ऑफिस के पास बैग में रकम लेकर आ जाओ। पुलिस को सूचना दी तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना। बहन के अगवा होने की बात सुनकर भाई को पसीने छूट गया। सूचना पर क्र ाइम ब्रांच और सिविल लाइंस समेत कई थानों की पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने घेरेबंदी की तो बदमाश युवती को नए पुल पर छोड़ कर भाग निकले। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
करेली के बक्शी मोढ़ा निवासी एक पेंटर राजेश ने अपनी बहन राधा (दोनों नाम काल्पनिक )की शादी 2009 में उतरांव इलाके सब्जी कारोबारी के साथ की। उनके एक बेटी हुई। कुछ दिन बाद राधा पति से नाराज होकर मायके आकर रहने लगी। लेकिन बेटी ससुराल में ही रही। 31 मई को राधा बेटी से मिलने ससुराल जाने की बात कहकर घर से निकली। लेकिन उसके बाद उसका कुछ नहीं पता चला। तब परेशान भाई ने थाना दिवस पर करेली थाने में सूचना दी थी। लेकिन इसके बाद भी राधा के बारे में पुलिस को कुछ नहीं पता चला। बृहस्पतिवार को दोपहर में राजेश के मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल आई।
कॉल करने वाले कहा कि तुम्हारी बहन को सिविल लाइंस में एक बैंक के पीछे से अगवा कर ली गई है। एक घंटे में तीस हजार रुपये का इंतजाम कर एजी ऑफिस के पास आ जाओ। इस बात की खबर पुलिस को दी तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना। परेशान राजेश ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी तो पुलिस में खलबली मच गई। सिविल लाइंस पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच टीम सक्रिय हो गई। पुलिस की घेरेबंदी की खबर बदमाशों को लग गई। वे एजी ऑफिस के पास फिरौती लेने नहीं पहुंचे।
राजेश ने बताया अपहरणक र्ता बहन राधा को नए यमुना पुल के पास छोड़कर भाग निकले। राधा ने बताया कि उसे रामबाग के पास से कार बदमाशों ने अगवा किया था। उसकी आंख पट्टी बांध कर बदमाश ले गए थे। 12 घंटे के सफर के बाद वे यहां पहुंची है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस महेश पांडेय ने बताया कि अपहरणकर्ता युवती को छोड़कर भाग निकले। बदमाशों के बारे में कुछ अहम जानकारी हासिल हुई है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।