फोटो कैप्शन: पीड़ित परिवार से कुशलक्षेम जानने पहुंचे मेजा विधायक व मौजूद एसीपी मेजा व अन्य।फोट
- फोटो : samvad
थाना क्षेत्र के सराय कला गांव से शनिवार को अगवा किए गए एलकेजी छात्र को पुलिस ने रविवार रात वाराणसी जनपद के नमो घाट से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही अपहरणकर्ता मासूम को छोड़कर फरार हो गए। इंस्पेक्टर मांडा अनिल कुमार वर्मा मासूम प्रतीक को लेकर थाने के लिए रवाना हो गए। बच्चे के मिलने की खबर से परिजनों व ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
बताते चलें कि थाना क्षेत्र के सराय कला निवासी ओमप्रकाश शर्मा का छह वर्षीय पुत्र प्रतीक शर्मा मेजा थाना क्षेत्र के अकोड़ा गांव स्थित एक निजी स्कूल में एलकेजी का छात्र है। शनिवार को स्कूल वाहन से उतरने के बाद घर से करीब 50 मीटर पहले कार सवार बदमाश उसे जबरन कार में बैठाकर ले गए थे। उस समय उसके दादा नागेश्वर प्रसाद शर्मा को बदमाशों ने बातचीत में उलझा लिया था।
घटना के बाद पुलिस की आठ टीमें जांच में लगाई गई थीं। सीसीटीवी और सर्विलांस से संदिग्ध कार के वाराणसी की ओर जाने के संकेत मिले, जिसके बाद पुलिस ने वाराणसी व भदोही में दबिश दी। घेराबंदी तेज होते ही अपहरणकर्ता बच्चे को नमो घाट के पास छोड़कर फरार हो गए।
रविवार को एसीपी मेजा एसपी उपाध्याय भी परिजनों से जानकारी लेते रहे और जांच की कड़ियां जोड़ते रहे। वहीं घटना के बाद पिता ओमप्रकाश शर्मा भी मुंबई से घर के लिए रवाना हो गए थे। मामले में डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने कहा कि मासूम की सकुशल बरामदगी वाराणसी से कर ली गई है और बदमाशों की तलाश जारी है।
परिजनों से मिलने वालों का लगा रहा तांता
रविवार को पीड़ित परिवार से मिलने वालों का दिनभर तांता लगा रहा। मेजा विधायक संदीप पटेल, जिला पंचायत सदस्य प्रमिल यादव, राजू समदरिया व जयशंकर भारतिया ने घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और घटना की निंदा करते हुए बच्चे की जल्द बरामदगी की मांग की।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक्स पर जताई थी नाराजगी
घटना को लेकर सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सरकार से मामले को गंभीरता से लेते हुए अपहरण के पीछे के लोगों व संरक्षण की गहन जांच कराने और बच्चे को सकुशल घर पहुंचाने की मांग की।