जब प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे तो उपमुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब राजनाथ सिंह प्रदेश के शिक्षा मंत्री थे, तब उन्होंने नकल अध्यादेश लागू किया था, लेकिन सपा सरकार में आते ही उसे खत्म कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी शिक्षा को गंभीरता से नहीं लेती और उनके कार्यकाल में नकल माफिया को संरक्षण मिला। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा और राजद पर कानून व्यवस्था को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि यूपी और बिहार में जब-जब चुनाव नजदीक आते हैं, सपा और राजद जैसी पार्टियां गुंडे-माफियाओं को आगे लाने लगती हैं। इसके विपरीत जहां एनडीए की सरकार है, वहां माफियाओं पर कठोर कार्रवाई हो रही है। जनता जानती है कि असली ''गुंडों की पार्टी'' कौन है और कौन उन्हें संरक्षण देता है।