पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के 85वें जन्मदिन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन समेत अनेक दिग्गज नेताओं का जमावड़ा हुआ। समारोह में दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा के अलावा सपा सांसद नागेंद्र सिंह पटेल भी मंच पर मौजूद रहे और केशरीनाथ की लंबी आयु की कामना की। इससे पहले नेताओं ने गृहमंत्री का बमरौली एयरपोर्ट तथा सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
जन्मदिवस समारोह समिति की ओर से राजर्षि मंडपम में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता गिरधर मालवीय ने की। समारोह में गृहमंत्री ने कहा केशरीनाथ हर वर्ग में स्वीकार्य हैं। उन्होंने हर जिम्मेदारी को बखूबी निभाया। राज्यपाल की पारी भी पूरी सक्रियता से खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर युग में मनुष्य की आयु निर्धारित होती है। कलयुग में 125 वर्ष आयु निर्धारित है। कामना है कि वह 125 वर्ष की आयु पूरी करें और अपनी जिम्मेदारियों को निभाएं।
बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष, संविधान विशेषज्ञ के तौर पर केशरी नाथ का नाम सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि केशरीनाथ पश्चिम बंगाल जैसे जटिल प्रदेश के राज्यपाल हैं, लेकिन वहां भी वह बखूबी अपनी भूमिका निभा रहे हैं। लालजी टंडन के केशरीनाथ के शतायु होने के वक्तव्य पर ठहाके भी लगे। उन्होंने कहा, ‘मेरी शुभकामना है कि वह शतायु हों और यहां फिर समारोह आयोजित हो तो मैं उसमें मौजूद रहूं। यह मेरी कामना है।’ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद एक कार्यकर्ता के घर पर शोक संवेदना प्रकट करने चले गए थे।
इसकी वजह से वह समारोह में कुछ देरी से पहुंचे। भारी समर्थकों की मौजूदगी में कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, सूर्य प्रताप शाही, सांसद श्यामा चरण गुप्त आदि नेताओं ने उनकी लंबी आयु और स्वस्थ रहने की कामना की। इससे पहले आयोजन समिति के अध्यक्ष पदुम जायसवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। शिवेंद्र मिश्रा और बब्बू राम द्विवेदी ने संचालन किया। शुभकामना देने वालों में डॉ. एलएस ओझा, भाजपा महानगर, गंगापार एवं यमुनापार के अध्यक्ष, कई पूर्व एवं वर्तमान विधायक, अनिल कुमार गुप्ता अन्नू, पार्षद, सुबोध सिंह, अभिषेक शुक्ला, विजय बहादुर सिंह, दिनेश तिवारी, विजय वैश्य, अमर वैश्य ‘मुन्ना भइया’,पतविंदर सिंह, देवा श्रीवास्तव, विक्रम त्रिपाठी, आनंद दुबे, विवेक मिश्रा आदि शामिल रहे।प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने समारोह में एक देश एक चुनाव का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि संविधान के जानकार केशरीनाथ त्रिपाठी का जन्मदिन है। उनसे अनुरोध है कि इस मुद्दे पर वह मार्गदर्शन प्रदान करें।