इलाहाबाद (ब्यूरो)। कटरा में लक्ष्मी टॉकीज चौराहे के पास चाय दुकानदार और हॉस्टल के छात्रों के बीच रविवार को मोबाइल के चक्कर में विवाद हो गया। इसके बाद जमकर ईंट-पत्थर चले। व्यापारी भी एकजुट हो गए और ईंट पत्थर लेकर छात्रों को दौड़ा लिया। पानी टंकी के पास दुकानदार तो पीसीबी हॉस्टल के गेट से छात्र मोर्चा संभाले रहे। कई थानों की फोर्स के साथ जब एसपी सिटी पहुंचे, तब पथराव बंद हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया।
लक्ष्मी टॉकीज पर एक चाय की दुकान है। दोपहर में लगभग तीन बजे पीसीबी हॉस्टल का एक छात्र चाय पीने गया। कुछ देर बाद वह दोबारा दुकान पर लौटा और दुकानदार से मोबाइल छूटने की बात कही। वह दुकान पर काम करने वाले लड़के पर मोबाइल चुराने का आरोप लगाते हुए उससे भिड़ गया। दुकानदारों ने मिलकर छात्र को पीट दिया। इस पर छात्र हॉस्टल गया और वहां से साथियों को लेकर लौटा। छात्रों की भीड़ दुकान में तोड़फोड़ करने लगी, जिस लड़के पर मोबाइल लेने का शक था उसे पीटते हुए छात्र हॉस्टल की ओर घसीटते हुए ले जाने लगे। यह देखकर आसपास के दुकानदार भी ईंट-पत्थर, लाठी-डंडा लेकर दौड़े।
छात्रों के लौटते वक्त पीसीबी हॉस्टल के बाहर आम बेंचने वाले उनके गुस्से का शिकार हुए। दुकानदारों ने छात्रों पर आम लूटने का आरोप लगाया है। बवाल बढ़ा तो दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। काफी देर तक दोनों तरफ से पथराव और गालीगलौज होता रहा। कंट्रोल रूम की सूचना के बाद एसपी सिटी राजेश कुमार, सीओ कर्नलगंज वीरेंद्र कुमार, सीओ प्रथम समर बहादुर और कई थानों की फोर्स पहुंची। तब पथराव बंद हुआ। पुलिस ने छात्रों और व्यापारियों को समझाबुझाकर मामला शांत कराया। सीओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात है।