शुआट्स डीम्ड यूनिवर्सिटी में बीएससी बायोटेक के अंतिम वर्ष के एक कश्मीरी छात्र ने फेसबुक पर देश के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की तो बवाल मच गया। शुआट्स प्रशासन की तहरीर पर कश्मीरी छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है। कुलपति के निर्देश पर प्राक्टोरियल बोर्ड की बैठक में आरोपी छात्र को बुलाया गया, लेकिन वह बहाने से भाग निकला। उसे विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया गया। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
शुआट्स प्रशासन के मुताबिक जम्मू कश्मीर के उधमपुर के सम्सीपोरा इस्लामाबाद निवासी एहतशाम उल हसन शुआट्स से बीएससी बायोटेक फाइनल ईयर का छात्र है। उसने अपने फेसबुक पेज पर बृहस्पतिवार की सुबह देश के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। छात्रों ने देखा तो विरोध शुरू हो गया। किसी ने शुआट्स कालेज की साइट पर उसकी टिप्पणी को टैग कर दिया। इसके बाद शुआट्स प्रशासन को पता चला। वहां हड़कंप मच गया। प्रशासन ने महेवा में स्थित एक लॉज में रहने वाले छात्र एहतशाम को तुरंत तलब कर लिया। इस बीच कुलपति के आदेश पर प्राक्टोरियल बोर्ड की बैठक भी बुला ली गई। प्राक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने छात्र से पूछताछ शुरू की तो वह आनाकानी करने लगा। इस पर बोर्ड ने उसे सस्पेंड करते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। यह सुनते ही सकपकाया एहतशाम वहां से बहाना बनाकर निकला और फिर गायब हो गया। उसकी खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला।
इसके बाद प्राक्टोरियल बोर्ड ने उसे कालेज से निष्कासित करते हुए पुलिस को सूचना दी। शाम को कालेज प्रशासन के उपनिदेशक प्रशासन सुरक्षा जय नारायण सिंह ने थाने में छात्र एहतशाम के खिलाफ लिखित तहरीर दी। जिसमें उसका परिचय पत्र और सोशल साइट पर किए गए कमेंट की फोटो कॉपी सौंपी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने फिलहाल आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, अभी इस मुकदमे में देशद्रोह की धारा नहीं लगाई गई है। पुलिस का कहना है कि यह जांच के बाद यह धारा बढ़ाई जाएगी। एलआईयू की टीम भी नैनी कोतवाली पहुंचकर इस प्रकरण की जांच कर रही है।
कालेज में पढ़ने वाले एक कश्मीरी छात्र ने फेसबुक पर देश के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। संज्ञान में आते ही उस छात्र को कालेज से निष्कासित कर दिया गया है और उसके खिलाफ नैनी कोतवाली में शिकायत दर्ज करा दी गई है। एसबी सिंह, प्रवक्ता, शुआटस, नैनी, प्रयागराज।
जिस छात्र ने अभद्र टिप्पणी की है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। - दीपेंद्र नाथ चौधरी, एसपी यमुनापार, प्रयागराज।